UP Monsoon Update : उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद भी मौसम का मिजाज पूरी तरह एक जैसा नहीं है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि कुछ जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बरेली और आसपास के इलाकों में धूप खिली रही, हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी होती रही। दूसरी ओर वाराणसी में सुबह से ही लगातार बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में मानसून फिर सक्रिय होगा और प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी।
रविवार देर रात बरेली में तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। सोमवार सुबह तक कई सड़कें पानी में डूबी रहीं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
UP Monsoon Update
कई ई-रिक्शा पानी में फंसकर पलट गए, जबकि स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर पहुंचने वाले लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रविवार को लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, गाजियाबाद, बलिया समेत कई जिलों में भी रुक-रुककर बारिश और तेज हवाएं चलीं। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 57 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर अचानक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
बदला मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तरी ओडिशा तट पार करते हुए छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल सकता है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इसी सिस्टम के कारण पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर पड़ा था, लेकिन अगले 24 घंटे में इसकी सक्रियता बढ़ेगी और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू होने की संभावना है।
कानपुर में उमस बरकरार
वाराणसी में सोमवार सुबह से ही लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहा। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक यहां बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं कानपुर में सुबह से तेज धूप और उमस का असर बना रहा। हालांकि शाम तक बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 7 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जबकि पूर्वी जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं और कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 9 और 10 जुलाई को भी अधिकांश जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। 11 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश जारी रहने के संकेत हैं, जबकि पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले एक-दो दिनों में सक्रिय होने वाला मानसून प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश लेकर आएगा। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमसभरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों के लिए भी यह बारिश फसलों की बुवाई और खेती के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Read More : Travel Insurance: 45 पैसे के IRCTC इंश्योरेंस से नहीं मिलेगा 10 लाख का क्लेम! पहले पूरा करें यह जरूरी काम





