NEET UG Result 2026 : मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 में शामिल लाखों छात्रों के बीच रिजल्ट को लेकर इंतजार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया है कि Re-NEET UG 2026 का परिणाम 20 जुलाई तक जारी किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में एनटीए की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
आमतौर पर एनटीए नीट यूजी परीक्षा के करीब 45 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर देता है। ऐसे में इस बार री-नीट परीक्षा आयोजित होने के बाद छात्रों के मन में रिजल्ट और आगे की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
NEET UG Result 2026
एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, री-नीट यूजी 2026 का परिणाम 20 जुलाई तक जारी किए जाने की संभावना है। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर रिजल्ट की तारीख घोषित नहीं की है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल एनटीए की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। री-नीट परीक्षा के कारण कई छात्रों को आशंका है कि कहीं एमबीबीएस का नया शैक्षणिक सत्र भी देर से शुरू न हो। इस पर एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि री-नीट की वजह से MBBS शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होगा और नए सत्र को तय समय के अनुसार शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।
शुरू होगी काउंसलिंग
एनटीए की ओर से NEET UG 2026 काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। परिणाम घोषित होने के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को अपनी रैंक और पात्रता के आधार पर मेडिकल कॉलेजों का विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। काउंसलिंग के विभिन्न चरण पूरे होने के बाद सीट आवंटन (अलॉटमेंट) परिणाम जारी किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि रिजल्ट, काउंसलिंग और प्रवेश से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियों के लिए केवल एनटीए और संबंधित काउंसलिंग प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट पर ही नजर रखें।
Read More : UP में मानसून की दस्तक, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; 11 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी




