Home » उत्तर प्रदेश » UP में 15 दिन से अटका मानसून, 29 जून तक एंट्री के आसार; 30 जिलों में बारिश तो 22 जिलों में लू का अलर्ट

UP में 15 दिन से अटका मानसून, 29 जून तक एंट्री के आसार; 30 जिलों में बारिश तो 22 जिलों में लू का अलर्ट

UP Mansoon Update : उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून तय समय से पीछे चल रहा है। सामान्य तौर पर 20 जून तक प्रदेश में दस्तक देने वाला मानसून इस बार करीब 15 दिनों से यूपी-बिहार सीमा पर महराजगंज के आसपास रुका हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जून तक इसके प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो मानसून करीब आठ दिन की देरी से यूपी पहुंचेगा।

शनिवार सुबह प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। सुबह हल्की हवाएं चलने से कुछ राहत जरूर महसूस हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी।

UP में 15 दिन से अटका मानसून

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के करीब 30 जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। वहीं 22 जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा और आगरा में 43 डिग्री, लखनऊ में 42.4 डिग्री, अलीगढ़ में 42.2 डिग्री और प्रयागराज में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दो दिन बाद बदल सकता है मौसम

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश, तराई क्षेत्र और कुछ अन्य इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। मानसून सक्रिय होने के बाद तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

30 जून से तेज होगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। एक जुलाई से गर्मी में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है और दो जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

जून में बारिश का असमान वितरण

जून महीने में प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 34 जिलों में वर्षा सामान्य से काफी कम रही, जबकि 13 जिलों में भी बारिश की कमी दर्ज हुई। 16 जिलों में सामान्य वर्षा हुई। वहीं चार जिलों में सामान्य से अधिक और सात जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे खास बात यह रही कि कौशांबी जिले में जून महीने के दौरान अब तक बारिश की एक भी बूंद दर्ज नहीं की गई।

Read More : LPG Tanker Blast: कौशांबी टोल प्लाजा पर भीषण धमाका, 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे; 16 बाइक और 2 कारें जलकर राख

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?