Home » उत्तर प्रदेश » UP यूपी में मानसून की दस्तक का इंतजार, प्रयागराज में तेज बारिश; 28 जून तक पूर्वांचल में एंट्री के आसार

UP यूपी में मानसून की दस्तक का इंतजार, प्रयागराज में तेज बारिश; 28 जून तक पूर्वांचल में एंट्री के आसार

UP Monsoon Update : उत्तर प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। गुरुवार तड़के प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि मेरठ में हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी का असर बना हुआ है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना नहीं है।

UP Monsoon Update

मानसून को लेकर राहतभरी खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में बिहार सीमा से होते हुए गोरखपुर और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। अनुमान है कि 29 जून तक यह लखनऊ पहुंच जाएगा, जबकि 1 से 2 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है। सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक यूपी पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रही है और यह लगभग आठ दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।

कई जिलों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी, आजमगढ़, ललितपुर और जालौन में बारिश हुई। आगरा में तेज आंधी के कारण सड़क किनारे खड़ी कारों पर बिजली का पोल गिर गया, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में सक्रिय हो चुका है। अगले कुछ दिनों में इसके गुजरात, झारखंड, ओडिशा और बिहार की ओर तेजी से बढ़ने की संभावना है। इसी क्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मानसून की दस्तक हो सकती है।

अगले पांच दिनों का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 27 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है। 28 जून से पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं। 29 और 30 जून को पूर्वी जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। जून महीने में प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश सामान्य स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। 34 जिलों में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 13 जिलों में भी बारिश की कमी रही। केवल कुछ जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है। कौशांबी ऐसा जिला रहा जहां जून में अब तक बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।

Read More : Delhi-Lucknow Highway Accident: हापुड़ में ट्राले ने यात्रियों को कुचला, बच्ची समेत दो की मौत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?