Delhi-Lucknow Highway Accident : हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए। हादसा थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के सोना कट के पास हुआ, जहां बस खराब होने के कारण यात्री दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, सीतापुर डिपो की रोडवेज बस में सवार यात्री दिल्ली और नोएडा जा रहे थे।
सुबह तड़के बस खराब हो गई, जिसके बाद सभी यात्री हाईवे किनारे खड़े होकर दूसरी बस का इंतजार करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राला वहां पहुंचा और यात्रियों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
Delhi-Lucknow Highway Accident
हादसे में नायरा (5) और मीरा (22) की मौत हो गई। दोनों सीतापुर जिले के बरगामा गांव की रहने वाली थीं और रिश्ते में बुआ-भतीजी बताई जा रही हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना में कांति, जयकरण, अरुणा अवस्थी, कंचन, दीप्ति और आंशिक घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने कंचन और कांति की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद चालक फरार
सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात और हाफिजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राले को कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि हादसे के बाद ट्राला चालक फरार हो गया था। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Read More : Ayodhya Ram Mandir: शेषावतार मंदिर पर आज होगा ध्वजारोहण, दोनों डिप्टी सीएम के शामिल होने की संभावना




