Varanasi NEET Exam : वाराणसी में आयोजित NEET री-एग्जाम के दौरान सुरक्षा जांच में एक अभ्यर्थी को संदिग्ध सामग्री के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने गेट पर चेकिंग के दौरान प्रिंस दुबे नाम के युवक की गतिविधियों पर शक होने पर उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान मामला गंभीर हो गया और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर रजनीश कुंवर के अनुसार, चेकिंग के दौरान अभ्यर्थी की अंडरवियर से मोबाइल सिम कार्ड, फेविकोल, एमसील, डबल साइडेड टेप और रद्द हो चुका पुराना NEET प्रश्नपत्र बरामद हुआ। यह देखकर परीक्षा केंद्र पर मौजूद सुरक्षा कर्मी भी हैरान रह गए।
Varanasi NEET री-एग्जाम में हंगामा
केंद्राध्यक्ष ने बताया कि गेट पर पुलिस बल द्वारा नियमित जांच की जा रही थी, तभी अभ्यर्थी की हरकतें संदिग्ध लगीं। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई और उसे थाने भेज दिया गया। संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद उसे तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुराने पेपर बरामद
थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि केंद्राध्यक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसके खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
Read More : Lucknow में मोहर्रम पर हजरतगंज इमामबाड़ा शाहनजफ में आग पर मातम, 45 साल पुरानी परंपरा जारी





