Ayodhya Development Projects : अयोध्या में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 291 करोड़ रुपये की 245 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम काशीराम कॉलोनी के पास स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए कई विकास योजनाओं को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। नगर निगम के अनुसार 47 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जिन पर लगभग 25.31 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
इनमें रामायण वैक्स म्यूजियम, प्रशासनिक भवन, ओपन जिम, मल्टीलेवल पार्किंग, स्मार्ट स्कूल और पार्कों के विकास जैसे कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही 198 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा, जिनकी कुल लागत लगभग 264 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
Ayodhya Development Projects
नई परियोजनाओं में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंपिंग स्टेशन और नालों का निर्माण, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, वर्किंग वुमन हॉस्टल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और विभिन्न स्थानों पर सड़क एवं पार्क विकास कार्य शामिल हैं। प्रशासन का दावा है कि इन परियोजनाओं से शहर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर निगम की तैयारियां
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर आयुक्त के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया और सफाई, पेयजल, फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा अभियान चलाया गया। पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया है ताकि आयोजन के दौरान कोई अव्यवस्था न हो। CM इस दौरान जैन समाज से जुड़े एक धार्मिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यहां वे 923 जिन पुत्रों को समर्पित मंदिर का शिलान्यास करेंगे और भगवान आदिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर जैन संतों और श्रद्धालुओं से मुलाकात भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।





