Road Accident : उत्तराखंड के नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मेरठ के ताला फैक्ट्री क्षेत्र से जुड़े एक परिवार और रिश्तेदारों से भरी टेंपो ट्रैवलर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए हैं। वाहन में कुल 28 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार, मेरठ के ताला फैक्ट्री निवासी अनीस अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ कुछ दिन पहले नैनीताल घूमने गए थे। वापसी के दौरान जब वाहन कालाढूंगी मार्ग के एक पहाड़ी मोड़ पर पहुंचा, तो चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से हट गया। इसी दौरान टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
Road Accident
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 24 लोग घायल हैं। पहले चार लोगों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन बाद में संख्या की पुष्टि 2 मृतकों के रूप में की गई। गंभीर रूप से घायल मरीजों का इलाज हल्द्वानी के अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे की जांच जारी है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक पहाड़ी मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई। वाहन की तकनीकी स्थिति और ड्राइवर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मेरठ में छाया मातम
हादसे की खबर मिलते ही मेरठ के ताला फैक्ट्री क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। परिजन देर रात ही हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। अस्पतालों के बाहर रिश्तेदारों की भीड़ लगी हुई है, जो घायलों के सुरक्षित होने की प्रार्थना कर रहे हैं। यह हादसा पूरे इलाके के लिए गहरा सदमा बन गया है।
Read More : UP Monsoon 2026 Update: यूपी में 25 जून तक मानसून की एंट्री, पूर्वांचल से होगी शुरुआत





