Home » उत्तर प्रदेश » UP Weather Alert: प्री-मानसून ने बढ़ाई हलचल, 21 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, CM योगी ने 24 घंटे में मुआवजे के दिए निर्देश

UP Weather Alert: प्री-मानसून ने बढ़ाई हलचल, 21 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, CM योगी ने 24 घंटे में मुआवजे के दिए निर्देश

UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 21 जिलों में तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा पांच जिलों में बारिश की भी संभावना जताई गई है। हालांकि सुबह के समय अधिकांश जिलों में हल्की धूप और कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही देखने को मिली, लेकिन बढ़ी हुई उमस ने लोगों को गर्मी का एहसास कराया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है।

इसी वजह से प्री-मानसून बारिश का सिलसिला बना हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 17 से 20 जून के बीच मानसून सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल मानसून बिहार तक पहुंच चुका है और उसकी आगे की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

UP Weather Alert

विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून के आसपास दस्तक देता है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण समय में बदलाव की संभावना बनी हुई है। यदि मौसमी परिस्थितियां इसी तरह बनी रहीं तो कई इलाकों में तय समय से पहले या थोड़ी देरी से मानसून पहुंच सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के करीब 25 जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में सबसे अधिक 6.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज और लखनऊ में तेज तूफान चला, जबकि कानपुर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और कुछ स्थानों पर घरों में भी पानी घुस गया। कई शहरों में तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

गई कई लोगों की जान

खराब मौसम के बीच कई दर्दनाक घटनाएं भी सामने आईं। उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किसानों की मौत हो गई, जबकि कासगंज में तेज आंधी के दौरान मकान का लिंटर गिरने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की जान चली गई। इन हादसों ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा। 16 जून को पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और नमी बढ़ने से तापमान में कुछ राहत मिल सकती है। 17 जून को तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। 18 जून को बादलों का असर जारी रहेगा और कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं 19 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश और कुछ स्थानों पर तूफान आने की आशंका जताई गई है।

CM योगी ने दिए निर्देश

बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को निर्देश दिया कि जनहानि और पशुहानि का तत्काल आकलन कर 24 घंटे के भीतर निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जरूरत पड़ने पर शासन को तुरंत सूचित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कासगंज, चंदौली, मिर्जापुर और बाराबंकी समेत प्रभावित जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खुद मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें। प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखें और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आंधी, बारिश और ओलावृष्टि जैसी परिस्थितियों में प्रशासनिक सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए और दवाओं सहित सभी स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रदेशवासियों से अपील की गई कि खराब मौसम के दौरान बिजली के खंभों, खुले तारों, होर्डिंग और बड़े विज्ञापन बोर्डों के पास खड़े होने से बचें। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।

Read More : UP में प्री-मानसून एक्टिव, 54 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट; कई जगह जनजीवन प्रभावित

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?