UP Pre-Monsoon Rain Alert 2026 : उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदल गया है। कानपुर, अयोध्या, उन्नाव सहित करीब 20 शहरों में बारिश दर्ज की गई है। लखनऊ में शनिवार सुबह लगभग 7:45 बजे आसमान में घना अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई जगह परेशानियां भी सामने आईं।
कौशांबी और उन्नाव में तेज धूलभरी आंधी चली, जबकि प्रतापगढ़ और प्रयागराज में दिन के समय ही अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
UP में प्री-मानसून एक्टिव
हाथरस में भारी बारिश के चलते कोतवाली सदर परिसर में पानी भर गया। कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। कानपुर में कई घरों में बारिश का पानी घुसने की खबर है, जबकि हरदोई में भी मुख्य सड़कें पानी से लबालब दिखाई दीं। लगातार बारिश के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंधी-बारिश से हादसे, 4 लोगों की मौत
प्रदेश में मौसम के इस बदले मिजाज ने जानमाल का नुकसान भी पहुंचाया है। अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। उन्नाव में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की जान चली गई। वहीं कासगंज में आंधी-बारिश के दौरान मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।
54 जिलों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 22 शहरों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 15-16 जून तक प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रह सकता है। उन्होंने बताया कि बीच-बीच में गर्मी भी असर दिखाएगी, लेकिन बारिश से राहत मिलती रहेगी। मानसून के 20 जून के आसपास प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है।
अचानक बदला मौसम
प्रतापगढ़ में शनिवार सुबह अचानक घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। वहीं सुल्तानपुर में पहले धूलभरी आंधी चली और फिर जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम में यह बदलाव लोगों को राहत और परेशानी दोनों दे रहा है। प्रयागराज में भी शनिवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और दिन में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई।
Read More : IndiGo Flight की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, टिशू पर बम लिखे मिलने से मचा हड़कंप




