Home » उत्तर प्रदेश » UP के मुरादाबाद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड प्लेन का इंजन फेल, टेकऑफ से पहले निकला धुआं

UP के मुरादाबाद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड प्लेन का इंजन फेल, टेकऑफ से पहले निकला धुआं

UP News : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार शाम एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। मुरादाबाद एयरपोर्ट पर उनका सरकारी चार्टर्ड विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी अचानक उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने जैसे ही इंजन स्टार्ट किया, उसमें से धुआं निकलने लगा। उस वक्त ब्रजेश पाठक अपनी टीम के साथ विमान के अंदर मौजूद थे। स्थिति गंभीर होते देख तुरंत विमान को रोक दिया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर विमान को रनवे की ओर बढ़ने से पहले ही रोक दिया गया। अधिकारियों ने डिप्टी सीएम को वीआईपी लाउंज में पहुंचाया, जहां वह करीब 20 मिनट तक रुके रहे।

UP में डिप्टी सीएम के चार्टर्ड प्लेन का इंजन फेल

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खुद घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विमान टेकऑफ के लिए तैयार था, तभी उसका एक इंजन अचानक बंद हो गया और उसमें से धुआं निकलने लगा। उन्होंने कहा कि पायलट की सतर्कता की वजह से समय रहते विमान को रोक लिया गया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के दौरान विमान रनवे पर उड़ान भरने के लिए तैयार खड़ा था। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

मुरादाबाद से लौट रहे थे लखनऊ

ब्रजेश पाठक रविवार को सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने मुरादाबाद पहुंचे थे। यहां उन्होंने संगठन और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वह गजरौला गए और वहां स्थित जुबिलेंट फैक्ट्री के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया। सोमवार को उन्होंने अमरोहा और संभल जिलों का दौरा किया। शाम करीब 4 बजकर 5 मिनट पर वह मुरादाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे। पांच मिनट बाद विमान को उड़ान भरनी थी, लेकिन तभी यह तकनीकी गड़बड़ी सामने आ गई।

कार से लखनऊ रवाना हुए डिप्टी सीएम

घटना के बाद तकनीकी टीम ने साफ कर दिया कि विमान फिलहाल उड़ान भरने की स्थिति में नहीं है। इसके बाद डिप्टी सीएम को सड़क मार्ग से लखनऊ भेजने का फैसला लिया गया। उनके साथ मौजूद पीए राहुल सारस्वत ने बताया कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और प्रशासन ने सड़क मार्ग से सुरक्षित यात्रा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रास्ते में पड़ने वाले जिलों के अधिकारियों को भी अलर्ट कर दिया गया।

लखनऊ से भेजी गई इंजीनियरों की टीम

नागरिक उड्डयन विभाग के डायरेक्टर निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही लखनऊ से इंजीनियरों की टीम रवाना कर दी गई है। टीम इंजन की जांच करेगी और खराबी के सही कारणों का पता लगाएगी। प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक गर्मी की वजह से इंजन में धुआं निकलने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक पायलट ने समय रहते तकनीकी खामी पहचान ली थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सरकार के पास हैं तीन चार्टर्ड विमान

उत्तर प्रदेश सरकार के वीआईपी बेड़े में कुल तीन चार्टर्ड विमान शामिल हैं। इनमें Hawker 900XP कॉर्पोरेट जेट, Super King Air B-200 और Super King Air B-300 जैसे विमान शामिल हैं। इन विमानों का संचालन और रखरखाव राज्य नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से किया जाता है। डिप्टी सीएम जिस विमान में सवार थे, वह Super King Air B-200 मॉडल का बताया जा रहा है।

Read More : Unnao Bus Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस, दरोगा-कैदी समेत 7 की मौत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?