Unnao Bus Accident : उत्तर प्रदेश के Unnao में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा और कैदी समेत सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित 25 लोग घायल हो गए। दुर्घटना औरास थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 262 के पास सुबह करीब पांच बजे हुई। बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और उसमें कुल 36 यात्री सवार थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना हो सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे लगी रेलिंग पर जा अटकी।
Unnao Bus Accident
टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे। हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। एक्सप्रेसवे के किनारे ढलान पर घायल यात्री दर्द से तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। करीब छह से सात एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में घायल यात्रियों की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। कई लोग खून से लथपथ हालत में मदद की गुहार लगाते दिखाई दिए।
दरोगा और कैदी की भी गई जान
मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम और कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापस लौट रही थी। सीवान जेल प्रशासन के अनुसार, छत्तरपाल सिंह हत्या और अन्य गंभीर मामलों में पिछले तीन साल से जेल में बंद था। हादसे में गोरखपुर और बस्ती के कुछ अन्य यात्रियों की भी मौत हुई है, जबकि दो शवों की पहचान अभी बाकी है।
घायलों को भेजा गया लखनऊ ट्रामा सेंटर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया था। बाद में इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। हादसे में घायल यात्रियों ने उस भयावह मंजर को बयान किया। एक यात्री ने बताया कि सभी लोग गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार झटका लगा और धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब आंख खुली तो बस पलटी हुई थी और चारों तरफ चीख-पुकार मची थी। वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के बाद लोग बस की खिड़कियों से नीचे गिर रहे थे और कुछ यात्री शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल करा दिया है। हादसे के बाद कुछ देर तक लंबा जाम लगा रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “जनपद उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
जनपद उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति तथा घायलों…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 26, 2026
Read More : Barabanki Road Accident: कैंची धाम जा रहे दोस्तों की इनोवा ट्रेलर में घुसी, सरकारी डॉक्टर समेत 4 की मौत




