UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को मौसम ने दो अलग-अलग रंग दिखाए। एक तरफ कई जिलों में सुबह बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं, तो दूसरी ओर दिन चढ़ने के साथ भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां झुलसाने वाली गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मंगलवार तड़के Lakhimpur Kheri में तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जबकि कुछ घरों की पानी की टंकियां तक उड़ गईं। तेज हवाओं के चलते बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। सुबह होते-होते मौसम कुछ शांत जरूर हुआ, लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
UP Weather Update
सोमवार देर रात राजधानी Lucknow समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। लखनऊ, बस्ती, गोरखपुर और गोंडा में तेज आंधी चली, जिसकी रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर पड़े। तेज हवाओं के कारण लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदेश में खराब मौसम जानलेवा भी साबित हुआ। गोंडा, लखीमपुर, बस्ती और सीतापुर में आंधी और बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। कई जगह दीवार गिरने और पेड़ टूटने की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
भीषण गर्मी ने फिर तोड़े रिकॉर्ड
बारिश और तेज हवाओं के बावजूद प्रदेश में गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटों में Banda देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। झांसी में 46 डिग्री, जालौन में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री और प्रयागराज में 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। मौसम विभाग ने राहत भरी खबर भी दी है। विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले कुछ दिनों में आंधी, गरज-चमक और अच्छी बारिश के आसार हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के बाद तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने और धूप से दूर रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने भी बिजली और पेयजल व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
Read More : Barabanki Road Accident: कैंची धाम जा रहे दोस्तों की इनोवा ट्रेलर में घुसी, सरकारी डॉक्टर समेत 4 की मौत




