NDA Government: असम में Himanta Biswa Sarma के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही NDA ने एक और राज्य में अपनी सत्ता मजबूत कर ली है। गुवाहाटी में हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे। इससे पहले पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन और बिहार-उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार हो चुका है। अब राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा केंद्र सरकार और भाजपा संगठन में संभावित बड़े बदलावों को लेकर हो रही है।
मोदी सरकार 3.0 के दो साल पूरे होने से पहले हलचल
26 मई को केंद्र में पहली मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने जा रहे हैं, जबकि 9 जून को मोदी 3.0 सरकार के दो साल पूरे होंगे। इसी के साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। फिलहाल केंद्र सरकार में 72 मंत्री हैं, जबकि अधिकतम 81 मंत्री बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक अगले साल होने वाले सात राज्यों के चुनावों को देखते हुए क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की तैयारी चल रही है। प्रदर्शन के आधार पर कुछ मंत्रियों की छुट्टी और नए चेहरों की एंट्री संभव मानी जा रही है।
NDA Government: BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम पर नजर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Navin की नई टीम को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि संगठन में युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी है। पार्टी 50 साल से कम उम्र के नेताओं को प्रमुख भूमिकाओं में आगे ला सकती है, जबकि अनुभवी नेताओं को भी संतुलन के लिए जगह मिलेगी।
NDA Government: राष्ट्रीय महासचिवों में दिख सकते हैं नए चेहरे
भाजपा सूत्रों के मुताबिक कई नए नेताओं को राज्यों से राष्ट्रीय राजनीति में लाया जा सकता है। खास तौर पर राष्ट्रीय महासचिव जैसे अहम पदों पर बदलाव की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा महिला नेताओं को भी संगठन में ज्यादा प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया जा सकता है, ताकि महिला आरक्षण और महिला नेतृत्व को लेकर पार्टी का संदेश मजबूत हो सके।
चुनावी रणनीति पर रहेगा फोकस
भाजपा संगठन और केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित बदलावों को 2027 तक होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व युवा चेहरों, क्षेत्रीय समीकरणों और संगठनात्मक मजबूती के जरिए आगामी चुनावों की तैयारी को धार देने में जुटा है।




