Pakistan Suicide Blast: पाकिस्तान के Khyber Pakhtunkhwa में एक बार फिर आतंक ने खून-खराबा मचा दिया। मंगलवार को नौरंग बाजार के फाटक चौक पर हुए सुसाइड ब्लास्ट में करीब 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की दुकानों और इमारतों के शीशे टूट गए।
भीड़भाड़ वाले बाजार को बनाया निशाना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हमलावर विस्फोटकों से भरे थ्री-व्हीलर ऑटो रिक्शा में सवार होकर आया था। जैसे ही वह नौरंग बाजार के व्यस्त इलाके में पहुंचा, जोरदार धमाका हो गया। मृतकों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक महिला भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे बाजार को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
Pakistan Suicide Blast: TTP कनेक्शन की आशंका
शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि हमले के पीछे Tehrik-i-Taliban Pakistan यानी TTP से जुड़े आतंकियों का हाथ हो सकता है।हालांकि अब तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को आतंकी नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही हैं।
Pakistan Suicide Blast: अस्पतालों में इमरजेंसी, घायलों का इलाज जारी
धमाके के तुरंत बाद प्रशासन ने अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी। घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से मिले विस्फोटक के नमूनों की जांच कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट
Mohammad Suhail Afridi ने हमले पर दुख जताते हुए पुलिस महानिरीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
खैबर पख्तूनख्वा में सोमवार को भी बड़ा हादसा हुआ था। स्वात जिले के मलम जब्बा इलाके में शादी समारोह में जा रही एक वैन खाई में गिर गई थी, जिसमें करीब 11 लोगों की मौत हो गई थी। लगातार दो बड़ी घटनाओं के बाद प्रांत में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
यह भी पढे़ : यूपी का ‘साइको किलर’ पुलिस एनकाउंटर में ढेर 26 घंटे में ट्रेन और अस्पताल में 3 हत्याएं करने वाले गुरप्रीत सिंह की मौत





