Home » उत्तर प्रदेश » Social Media पर हथियारों का वीडियो वायरल, आरोपी मैजुल गिरफ्तार… आतंकी कनेक्शन की जांच तेज

Social Media पर हथियारों का वीडियो वायरल, आरोपी मैजुल गिरफ्तार… आतंकी कनेक्शन की जांच तेज

Social Media
Social Media

Social Media : सोशल मीडिया पर हथियारों के वीडियो वायरल करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी मैजुल को रविवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में इस केस से जुड़े कई नए नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप के जरिए कुछ युवकों के संपर्क में था, जिनके बारे में अब जांच एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।

पूछताछ के दौरान मैजुल ने आकिब नाम के व्यक्ति और कुछ अन्य युवकों का जिक्र किया है। पुलिस इन सभी के रोल को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह ग्रुप सोशल मीडिया के जरिए जुड़ा था, जहां आपस में भड़काऊ और संदिग्ध कंटेंट शेयर किया जाता था।

Social Media

दो युवकों से पूछताछ भी की जा चुकी है और उनके डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि नांगल थाना क्षेत्र के सौफतपुर गांव का रहने वाला मैजुल पिछले पांच साल से दक्षिण अफ्रीका में काम कर रहा था। नवंबर में मेरठ निवासी आकिब ने इंस्टाग्राम के जरिए वीडियो कॉल किया था, जिसमें कथित तौर पर हथियार दिखाए गए थे। इसी वीडियो के वायरल होने के बाद 23 नवंबर को दोनों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

शुरुआत में इस केस को हल्का मानते हुए पुलिस ने हथियारों को प्लास्टिक का बताकर फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। लेकिन अप्रैल में लखनऊ एटीएस की कार्रवाई के बाद मामला फिर से खुला। एटीएस ने आकिब के एक साथी को गिरफ्तार किया, जिससे पाकिस्तानी हैंडलर से कनेक्शन सामने आया। इसके बाद बिजनौर पुलिस ने केस की दोबारा जांच शुरू की।

स्लीपिंग मॉड्यूल का शक

जांच एजेंसियों को शक है कि यह पूरा नेटवर्क किसी बड़े साजिश का हिस्सा हो सकता है। पाकिस्तानी हैंडलर ‘अबू बकर’ का नाम भी सामने आया है, हालांकि मैजुल उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। एजेंसियां इस नेटवर्क को स्लीपिंग मॉड्यूल से जोड़कर देख रही हैं, जो संवेदनशील जगहों की रेकी और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। मैजुल को शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से लौटते वक्त दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया था। इसके बाद बिजनौर पुलिस उसे अपने साथ ले गई और लगातार पूछताछ की गई। पुलिस, एटीएस और अन्य एजेंसियों ने मिलकर उससे कई घंटों तक पूछताछ की, जिसमें कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।

अन्य संदिग्धों की तलाश जारी

इस मामले में पहले ही कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार चल रहे आकिब और आजाद को विदेश से लाने की कोशिश जारी है। पुलिस ने कुछ और युवकों की पहचान भी की है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उनके बैंक अकाउंट, मोबाइल डेटा और ऑनलाइन गतिविधियों की जांच की जा रही है।

आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और जांच अभी जारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियों का फोकस अब पूरे नेटवर्क और फंडिंग के स्रोत तक पहुंचने पर है- अभिषेक झा, एसपी

Read More : Noida Protest का दूसरा मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पढ़ें यहां

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?