UP News : राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों का कहना है कि पति द्वारा मजाक में कही गई एक बात युवती के लिए मानसिक आघात बन गई, जिसने उसे यह खौफनाक फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। मृतका तनु सिंह मॉडलिंग के क्षेत्र में सक्रिय थीं और अपने लुक्स, प्रोफेशन और पर्सनैलिटी को लेकर काफी सजग और संवेदनशील मानी जाती थीं। परिवार का मानना है कि पेशे से जुड़ी संवेदनशीलता के चलते उन्हें हल्की-फुल्की बात भी गहराई से चुभ गई, जिसका असर उनके मानसिक संतुलन पर पड़ा।
तनु सिंह मूल रूप से सआदतगंज लकड़मंडी क्षेत्र की रहने वाली थीं। करीब 4 साल पहले उन्होंने राहुल श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई थी और बाद में परिवार की सहमति से शादी हुई थी। राहुल पेशे से ऑटो चालक हैं और दोनों इंदिरानगर में साथ रह रहे थे।
UP News: मजाक की बात बनी मौत की वजह
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले परिवार सीतापुर में एक रिश्तेदार के यहां गया था। वापस लौटने के बाद घर में सामान्य माहौल था और सभी आपस में बातचीत और हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान पति ने मजाक में तनु को ‘बंदरिया’ कह दिया, जिससे वह आहत हो गईं और नाराज होकर कमरे में चली गईं। परिवार के लोगों को लगा कि तनु कुछ देर में सामान्य हो जाएंगी। लगभग एक घंटे बाद जब उन्हें खाने के लिए बुलाया गया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो घरवालों को चिंता हुई। जब दरवाजा खोला गया तो तनु का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही इंदिरानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्राथमिक जांच में मामला घरेलू विवाद या भावनात्मक आघात से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। तनु की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More : HAL-UAC की डील से नागरिक उड्डयन में नया अध्याय, भारत में बनेगा रूसी सुपरजेट





