WhatsApp : WhatsApp अब केवल चैट भेजने या रिसीव करने तक सीमित नहीं रह गया है। समय के साथ यह एप पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों जरूरतों का अहम जरिया बन चुका है। ऑफिस मीटिंग से लेकर परिवार की बातचीत तक, हर जगह वीडियो कॉल का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। वीडियो कॉल करते समय अक्सर यूजर्स को लो-लाइट की समस्या से जूझना पड़ता है। खासकर रात के समय या कमरे में हल्की रोशनी होने पर चेहरा धुंधला और ग्रेनी दिखने लगता है। इससे न सिर्फ बातचीत का मजा किरकिरा होता है, बल्कि सामने वाला भी ठीक से नहीं देख पाता। इसी परेशानी को दूर करने के लिए WhatsApp ने लो-लाइट मोड फीचर पेश किया है।
लो-लाइट मोड का मकसद वीडियो कॉल के दौरान कम रोशनी में भी बेहतर विजिबिलिटी देना है। यह फीचर कैमरे की ब्राइटनेस और एक्सपोजर को अपने आप एडजस्ट करता है, जिससे चेहरा ज्यादा साफ दिखाई देता है और वीडियो में दानेदारपन कम हो जाता है।
WhatsApp का नया फीचर
इस फीचर का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें और किसी दोस्त या परिवार के सदस्य को वीडियो कॉल करें। कॉल शुरू होते ही स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर एक बल्ब का आइकन दिखाई देगा। इस आइकन पर टैप करते ही लो-लाइट मोड एक्टिव हो जाएगा। अगर आपको इसे बंद करना हो, तो दोबारा उसी बल्ब आइकन पर टैप करना होगा। ध्यान रखने वाली बात यह है कि लो-लाइट मोड एक टेम्पररी सेटिंग है। ऐसे में हर नई वीडियो कॉल के दौरान इसे मैन्युअली ऑन करना पड़ेगा। फिलहाल, यह सुविधा Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जिससे ज्यादातर यूजर्स इसका फायदा उठा सकते हैं।
वीडियो कॉल को मजेदार बनाने वाले दूसरे फीचर्स
लो-लाइट मोड के अलावा WhatsApp ने वीडियो कॉल के लिए कुछ और दिलचस्प फीचर्स भी दिए हैं। बैकग्राउंड रिमूवर की मदद से आप कॉल के दौरान अपना बैकग्राउंड बदल सकते हैं। फिल्टर्स का विकल्प वीडियो कॉल को और मजेदार बनाता है, जबकि टच-अप फीचर से बेसिक सुधार किए जा सकते हैं। WhatsApp का लो-लाइट मोड उन लोगों के लिए बड़ी राहत है, जो हर बार परफेक्ट लाइटिंग में वीडियो कॉल नहीं कर पाते।
Read More : UP Police में भर्ती का बड़ा मौका, 32 हजार से ज्यादा पदों पर आवेदन शुरू; नोटिफिकेशन जारी





