Earthquake : गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार सुबह लोगों की नींद तेज झटकों ने तोड़ दी। जेतपुर, धोराजी, उपलेटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में एक के बाद एक भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगातार कंपन से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले मैदानों व खेतों की ओर दौड़ पड़े। इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) के अनुसार, सुबह 6:19 बजे से 8:34 बजे के बीच कुल सात भूकंपीय झटके दर्ज किए गए।
बता दें कि सबसे तेज झटका 6:19 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। इसके बाद अलग-अलग अंतराल पर हल्के और मध्यम स्तर के झटके आते रहे, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।
Earthquake का केंद्र कहां रहा
आईएसआर की रिपोर्ट के मुताबिक, सभी झटकों का केंद्र उपलेटा से लगभग 27 से 30 किलोमीटर दूर पूर्व-उत्तरपूर्व दिशा में रहा। भूकंप की गहराई जमीन के नीचे करीब 6 से 13 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई। इससे पहले गुरुवार रात भी इसी क्षेत्र में 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था। लगातार झटकों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए हालात सामान्य होने तक सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं।
| No | Magnitude | Date | Time | Latitude | Longitude | Depth (Km) | Location |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | 2.7 | 09/01/2026 | 07:33 | 21.798 | 70.536 | 12.6 | 27 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
| 2 | 2.9 | 09/01/2026 | 07:13 | 21.780 | 70.541 | 13.6 | 27 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
| 3 | 2.9 | 09/01/2026 | 07:10 | 21.811 | 70.535 | 12.1 | 28 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
| 4 | 3.2 | 09/01/2026 | 06:58 | 21.807 | 70.527 | 12.9 | 27 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
| 5 | 2.9 | 09/01/2026 | 06:56 | 21.802 | 70.532 | 12.8 | 27 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
| 6 | 3.8 | 09/01/2026 | 06:19 | 21.798 | 70.529 | 12.7 | 28 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
| 7 | 3.3 | 08/01/2026 | 20:43 | 21.792 | 70.562 | 6.1 | 30 Km ENE from Upleta, Saurashtra |
लोगों में भय
राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि बार-बार आ रहे झटकों से लोगों के मन में डर बना हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में खुले स्थानों में सुरक्षित रहें। फिलहाल, राजकोट जिले के प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, हल्के झटके आफ्टरशॉक्स हो सकते हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है।
Read More : e-Passport की भारत में एंट्री, जानिए आवेदन से लेकर फीस तक पूरी जानकारी





