Home » उत्तराखंड » Almora Bus Accident: भिकियासैंण के सैलापानी में बस दुर्घटनाग्रस्त, कई यात्रियों की मौत की पुष्टि; घायलों को भेजा अस्पताल

Almora Bus Accident: भिकियासैंण के सैलापानी में बस दुर्घटनाग्रस्त, कई यात्रियों की मौत की पुष्टि; घायलों को भेजा अस्पताल

Almora Bus Accident
Almora Bus Accident

Almora Bus Accident : उत्तराखंड के भिकियासैंण के सैलापानी तहसील क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार में बदल गई, जब विनायक के पास एक यात्री बस गहरी खाई में जा गिरी। रामनगर जा रही कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की बस अचानक अनियंत्रित हुई और देखते ही देखते पहाड़ी ढलान से नीचे समा गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बस संख्या यूके 07 पीए 4025 सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा से रवाना हुई थी। करीब 2 घंटे बाद सैलापानी बैंड के खतरनाक मोड़ पर चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। चंद सेकेंड में बस सड़क से फिसली और गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

दुर्घटना में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में स्थानीय ग्रामीणों के साथ नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

Almora Bus Accident : रेस्क्यू में आई मुश्किलें

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों के कारण राहत-बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। बावजूद इसके स्थानीय ग्रामीणों ने रस्सियों और हाथों के सहारे घायलों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। कई घंटे की मशक्कत के बाद शवों और घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में भर्ती कराया गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने बेहतर इलाज के लिए गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में जुटी है।

जांच के आदेश

केएमओयू बस के मालिक मोहम्मद अल्ताफ के मुताबिक बस दो महीने पहले ही खरीदी गई थी। 2019 मॉडल की इस बस के सभी कागजात वैध बताए गए हैं। चालक नवीन चंद्र और परिचालक प्रकाश नैनवाल सुरक्षित हैं। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश स्थित एम्स ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत से समन्वय हो चुका है। सल्ट विधायक महेश जीना भी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि राहत और इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Read More : वास्तु के मुताबिक पति-पत्नी गलती से भी ना लगाए इस दिशा में अपनी तस्वीर, वरना होंगे कई नुकसान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?