IRCTC Ticket Booking Time : भारतीय रेलवे ने नए साल से ठीक पहले यात्रियों को बड़ा झटका और बड़ी सुविधा दोनों दे दी हैं। एक तरफ जहां टिकट किराए में हल्की बढ़ोतरी की गई है, वहीं दूसरी ओर टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा फेरबदल किया गया है। खासतौर पर उन यात्रियों के लिए जो IRCTC से ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं, अब नियम पहले से ज्यादा सख्त होने वाले हैं। रेलवे ने दूरी और श्रेणी के आधार पर किराए में 1 से 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की है। भले ही यह रकम सुनने में छोटी लगे, लेकिन लंबी दूरी की यात्राओं में इसका असर साफ दिखाई देगा। एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों में यह बढ़ोतरी लागू होगी।
दरअसल, रेलवे द्वारा सबसे बड़ा बदलाव एडवांस रिजर्वेशन पीरियड यानी 60 दिन पहले खुलने वाली टिकट बुकिंग को लेकर किया गया है। रेलवे ने साफ कर दिया है कि एडवांस रिजर्वेशन के पहले दिन बिना आधार लिंक IRCTC अकाउंट से टिकट बुक नहीं किया जा सकेगा… यानी अब आधार से वेरिफाइड यूजर्स को ही प्राथमिकता मिलेगी।
IRCTC : 59 दिन पहले खुलेगी विंडो
अगर आपका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, तो आपके लिए एडवांस बुकिंग 60 की जगह 59 दिन पहले खुलेगी। वहीं आधार से लिंक यूजर्स को 60वें दिन ही टिकट बुक करने का मौका मिलेगा। रेलवे का कहना है कि इससे असली यात्रियों को फायदा मिलेगा। 29 दिसंबर 2025 से नियम लागू हो गए हैं। पहले दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक सिर्फ आधार वेरिफाइड यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे। इसके बाद यह दायरा धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा-
- 5 जनवरी 2026 से: सुबह 8 से शाम 4 बजे तक
- 12 जनवरी 2026 से: सुबह 8 से रात 12 बजे तक आधार अनिवार्य
दलालों पर लगाम कसने की तैयारी
रेलवे ने साफ कर दिया है कि यह कदम टिकट दलालों पर लगाम लगाने के लिए उठाए गए हैं। पहले 15 मिनट, फिर 2 घंटे और अब पूरे दिन आधार वेरिफिकेशन लागू कर रेलवे टिकट कालाबाजारी खत्म करने की कोशिश कर रहा है। बता दें कि यह बदलाव सिर्फ ऑनलाइन IRCTC बुकिंग के लिए है। रेलवे के कंप्यूटरीकृत PRS काउंटर से टिकट लेने वालों के लिए नियम वही रहेंगे। यानी जो यात्री स्टेशन काउंटर से टिकट लेते हैं, उन्हें फिलहाल राहत है। अगर आप भी लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक कराना अब बेहद जरूरी हो गया है। वरना पहले दिन टिकट मिलने की उम्मीद कम हो सकती है।
Read More : Railway Stock में आई तेजी, 9 फीसदी से ज्यादा बढ़े IRFC के शेयर





