Home » टेक न्यूज़ » AI कैसे बन रहा आतंक का सबसे सस्ता और बड़ा हथियार? पढ़ें पूरी खबर

AI कैसे बन रहा आतंक का सबसे सस्ता और बड़ा हथियार? पढ़ें पूरी खबर

AI
AI

AI News : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने आम इंसान की जिंदगी को आसान बनाया है। कामकाज से लेकर पढ़ाई और इलाज तक, हर क्षेत्र में AI ने रफ्तार बढ़ाई है। लेकिन इसी तकनीक का एक स्याह पक्ष अब दुनिया के सामने आने लगा है। जिस AI से भविष्य सुनहरा दिख रहा था, वही अब हिंसा और आतंक के नए रास्ते खोलता नजर आ रहा है। अमेरिका समेत कई देशों की खुफिया एजेंसियों ने चेताया है कि आने वाले वर्षों में AI आतंकवाद को पहले से ज्यादा खतरनाक बना सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तकनीक की आसान उपलब्धता और कम लागत ने आतंकी संगठनों के लिए नए दरवाजे खोल दिए हैं, जिनसे निपटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, आतंकी संगठन अब बंदूक और बम तक सीमित नहीं रहे। वे AI का इस्तेमाल दिमागी जंग के लिए कर रहे हैं। ऑनलाइन ब्रेनवॉश, युवाओं की भर्ती, कट्टर प्रचार, झूठी खबरें फैलाना… ये सब अब डिजिटल हथियारों से किया जा रहा है।

AI: प्रचार से डर तक का सफर

हाल ही में आईएस से जुड़ी एक समर्थक वेबसाइट पर अनुयायियों से अपील की गई कि वे AI को अपने अभियानों का हिस्सा बनाएं। दुश्मन के मन में डर सिर्फ कल्पना न रहे, बल्कि हकीकत बन जाए। आतंकी संगठन तकनीक को मनोवैज्ञानिक हथियार के रूप में देखने लगे हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि AI ने ताकत का संतुलन बदल दिया है। पहले जो असर केवल बड़े संगठनों या देशों के पास होता था, वह अब छोटे और सीमित संसाधनों वाले समूह भी पैदा कर सकते हैं। कुछ ही मिनटों में बड़ी मात्रा में कंटेंट तैयार करना, उसे अलग-अलग भाषाओं में फैलाना और सही लोगों तक पहुंचाना अब बेहद आसान हो गया है।

डीपफेक से धुंधली होती सच्चाई

AI की सबसे खतरनाक देन डीपफेक मानी जा रही है। असली जैसी दिखने वाली नकली तस्वीरें, आवाजें और वीडियो सच और झूठ के बीच की रेखा मिटा रहे हैं। इजरायल-हमास संघर्ष के दौरान बच्चों की खून से सनी फर्जी तस्वीरें वायरल हुईं, जिनका इस्तेमाल नफरत और ध्रुवीकरण बढ़ाने में किया गया। इन फर्जी तस्वीरों और वीडियो का असर सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा। इन्हीं भावनात्मक और भड़काऊ कंटेंट के जरिए मिडिल ईस्ट और अमेरिका जैसे इलाकों में नए लोगों की भर्ती की गई। रूस में 2024 के एक आतंकी हमले के बाद भी AI से बने प्रचार वीडियो सामने आए, जिसने डर का माहौल और गहरा किया।

क्या बड़े हमलों की तैयारी?

AI एक्सपर्ट्स मानते हैं कि खतरा यहीं खत्म नहीं होता। अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की चेतावनी है कि AI की मदद से आतंकी जैविक या रासायनिक हथियारों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर सकते हैं। मालवेयर, फिशिंग और साइबर जासूसी में इसका इस्तेमाल पहले से हो रहा है। ऐसे में AI उनका अगला पसंदीदा औजार बन सकता है। सवाल यही है कि क्या दुनिया इस तकनीकी खतरे से निपटने के लिए समय रहते तैयार हो पाएगी या तरक्की की यही मशीन आने वाले समय में सबसे बड़ा डर बन जाएगी।

Read More : छोड़ी वकालत, चलाई बसें; पढ़ें TVS Founder टीवी सुंदरम अयंगर की Success Story

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?