UP News : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार में बदल गया। दरअसल, एक वैगनआर कार आग की लपटों में घिरी थी और बगल में एक ब्रेजा भी धू-धू कर जल रही थी। दोनों गाड़ियों के भीतर और बाहर मौजूद लोग चीखते हुए मदद मांग रहे थे। खेतों में काम कर रहे लोगों ने अचानक धमाके जैसी आवाज सुनी और दौड़कर सड़क की ओर भागे। देखते ही देखते सैंकड़ों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। कुछ ही सेकंड बाद उसमें आग भड़क उठी। लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोग पास भी नहीं जा पा रहे थे। इसके बावजूद, ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर कई लोगों को बाहर निकाला।
सुबेहा थाना क्षेत्र के रतौली ढीह के पास एक्सप्रेसवे के प्वाइंट 51.6 पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। वैगनआर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। कुछ लोग बाहर खड़े थे और कुछ अंदर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी बीच लखनऊ की ओर तेज रफ्तार से जा रही ब्रेजा अनियंत्रित हुई और वैगनआर में जा घुसी।
UP News: 5 की मौत
बता दें कि हादसा इतना भयानक था कि वैगनआर में फंसे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें दो छोटे बच्चे, एक महिला, एक युवती और एक पुरुष शामिल हैं। ब्रेज़ा में सवार चार लोग घायल हुए, जिनमें 3 महिलाएं और एक किशोरी थी। इनमें से तीन की हालत ठीक बताई जा रही है, लेकिन एक लड़की की हालत हालत गंभीर है, जिसे तत्काल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल, उसे चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है। वहीं, हैदरगढ़ सीएचसी के डॉक्टरों द्वारा 5 लोगों को मृत घोषित किया जा चुका है।
UP News: मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सुबेहा पुलिस, एक्सप्रेसवे कर्मी और यूपीडा की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल को भी बुलाया गया। सड़क के एक हिस्से पर कुछ समय के लिए यातायात रोककर राहत-बचाव का काम चलाया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं।
ग्रामीण ने बताई ये बात
खेत में काम कर रहे दीपक नाम के ग्रामीण ने बताया कि हम लोग खेत में थे तभी अचानक जोर की आवाज आई। पीछे मुड़कर देखा तो दो गाड़ियां हवा में उछलती दिखीं। इसके बाद हम तुरंत भागकर वहां पहुंचे, तबतक आग भड़कना शुरू हो चुकी थी। लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन लपटें बहुत तेज थीं। उन्होंने बताया कि दोनों गाड़ियों में मिलाकर लगभग 10 से 12 लोग सवार थे।





