Weather Update : देश के कई हिस्सों में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालात ऐसे हैं कि दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और लोग तेज धूप से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं। गर्मी का सबसे ज्यादा असर राजनांदगांव और वर्धा में देखने को मिला, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के रतलाम में 44°C और उमरिया में 43.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे ये शहर देश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहे।
तेज गर्मी को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के 13 जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है, ताकि बच्चों को लू और तेज धूप से बचाया जा सके। प्रशासन लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।
Weather Update
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। पूर्वी भारत में भी अगले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं। इन दिनों देश में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत में लू चल रही है, तो दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश हो रही है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे वहां के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
Maximum/day temperatures were in the range of 40℃-45℃ over most parts of Vidarbha; many parts of Marathwada, Madhya Pradesh; some places of Chhattisgarh, Telangana, East Uttar Pradesh at isolated places over interior Odisha, Rayalaseema, Jharkhand, Rajasthan, Gujarat, and in… pic.twitter.com/XbkTtpixbJ
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 18, 2026
मध्य और दक्षिण भारत में बदलता मौसम
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां आंधी-तूफान और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 20 और 21 अप्रैल को झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को और ज्यादा परेशान करेगी। खासतौर पर ओडिशा में रात का तापमान भी ज्यादा रहने की संभावना है, जिससे राहत नहीं मिल पाएगी।
District wise Nowcast Warning valid for next two-three hours pic.twitter.com/wauLPFTueb
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 18, 2026
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी उमस
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हालिया बारिश के बाद अब उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अगले कुछ दिनों में यहां तापमान 37 से 41 डिग्री के बीच रह सकता है। आसमान साफ रहेगा, जिससे धूप और तेज महसूस होगी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे शहरों में लू चलने की संभावना है। वहीं राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। जयपुर और कोटा में भी तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में बारिश राहत लेकर आ रही है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम के हिसाब से अपनी दिनचर्या में बदलाव करने की जरूरत है।
Read More : India के 5 खूबसूरत गांव बना देंगे आपका ट्रिप यादगार




