Weather Update : वाराणसी में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते काशी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है और शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम देखी जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसमी गतिविधियां फिलहाल बेहद सीमित हैं और केवल कुछ स्थानों पर ही हल्की बारिश या बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। ऐसे में तापमान में गिरावट की कोई खास संभावना नहीं है और गर्मी का असर और बढ़ सकता है।
Weather Update
वाराणसी में हवा की रफ्तार करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि नमी का स्तर लगभग 32 प्रतिशत रहा। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 73 दर्ज किया गया, जिसे संतोषजनक श्रेणी में रखा गया है। इसके बावजूद उमस और लू के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच काशी विश्वनाथ मंदिर में भी गर्मी को देखते हुए विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। शुक्रवार को मंगला आरती के दौरान भगवान विश्वनाथ को मौसमी फलों का भोग अर्पित किया गया। विशेष रूप से लंगड़ा आम के रस का प्रसाद चढ़ाया गया और मां गंगा के जल से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने प्रदेश में जल्द राहत की कामना की।
गर्मी का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक पूर्वांचल में गर्मी का असर बना रहेगा। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे व्यापक बारिश हो सके। इसी कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गर्मी का असर खेती-किसानी पर भी दिखने लगा है। वाराणसी और आसपास के जिलों में धान की रोपाई की तैयारी चल रही है, लेकिन तेज धूप और लू के कारण खेतों की नमी तेजी से घट रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो धान की नर्सरी और रोपाई पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। किसानों के लिए यह समय विशेष सावधानी बरतने का है, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
Read More : Ayodhya Development Projects: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 291 करोड़ की 245 परियोजनाओं की देंगे सौगात, पढ़ें…




