Virat Kohli-Anushka Sharma : भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने महाराष्ट्र के अलीबाग में एक बार फिर बड़ा रियल एस्टेट निवेश किया है। पहले से वहां शानदार बंगला होने के बावजूद दोनों ने अब जमीन खरीदकर अपने निवेश पोर्टफोलियो को और मजबूत किया है। यह सौदा अलीबाग को लेकर उनकी लगातार बढ़ती रुचि को साफ तौर पर दिखाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जमीन रायगढ़ जिले के जीरद गांव में स्थित है, जो मशहूर अवास बीच के बेहद करीब है।
बता दें कि इस प्लॉट की कुल कीमत करीब 37.86 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही लगभग 2.27 करोड़ रुपये स्टाम्प ड्यूटी और 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर चुकाए गए हैं। जमीन का कुल क्षेत्रफल करीब 14,740 वर्ग मीटर बताया गया है।
Virat Kohli-Anushka Sharma
यह पहला मौका नहीं है जब विराट और अनुष्का ने अलीबाग में निवेश किया हो। साल 2022 में दोनों ने यहां करीब आठ एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसकी कीमत उस समय 19.24 करोड़ रुपये थी। इसी जमीन पर उन्होंने एक भव्य बंगला बनवाया, जहां वे व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर सुकून के पल बिताने जाते रहे हैं। कोहली के पास देश के अलग-अलग हिस्सों में कई महंगी प्रॉपर्टीज हैं। मुंबई के अलावा गुरुग्राम में भी उनका शानदार घर है, जहां उनकी मां और भाई विकास कोहली रहते हैं। रियल एस्टेट में लगातार निवेश यह बताता है कि क्रिकेट के साथ-साथ विराट आर्थिक योजना पर भी खास ध्यान देते हैं।
लंदन में हुए शिफ्ट
अलीबाग में जमीन खरीदने की खबरें सुर्खियों में हैं, लेकिन फिलहाल विराट और अनुष्का ज्यादातर समय लंदन में रहते हैं। परिवार के साथ शांत जीवन बिताने के लिए दोनों ने वहां रहना शुरू किया है। विराट आमतौर पर भारत तभी आते हैं जब उन्हें क्रिकेट मैच खेलने होते हैं या कोई निजी काम होता है। निजी जिंदगी के साथ-साथ विराट कोहली क्रिकेट मैदान पर भी चर्चा में हैं। वह इस वक्त न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा हैं। वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने 93 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि दूसरे मैच में उनका बल्ला खामोश रहा।
इंदौर में निर्णायक मुकाबला
अब सबकी नजरें इंदौर में खेले जाने वाले तीसरे और आखिरी वनडे पर टिकी हैं। यह मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा। विराट फिलहाल सिर्फ वनडे फॉर्मेट पर फोकस कर रहे हैं और हालिया आंकड़े बताते हैं कि उनका फॉर्म मजबूत है। पिछले छह मैचों में वह पांच बार 50 से ज्यादा रन बना चुके हैं, जिनमें दो शतक भी शामिल हैं।
Read More : T20 World Cup 2026: 7 फरवरी से शुरू होगा क्रिकेट का महाकुंभ, आकाश चोपड़ा की बड़ी भविष्यवाणी





