VI Update : नया साल आने से पहले Vodafone Idea (VI) ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए एक ऐसा ऑफर पेश किया है, जो आम यूजर्स के लिए काफी राहत देने वाला साबित हो सकता है। अगर आप भी Vi का सिम इस्तेमाल करते हैं और फोन चोरी या गुम होने का डर हमेशा बना रहता है, तो कंपनी की यह नई सुविधा आपके काम की है। Vi ने भारत में अपने प्रीपेड यूजर्स के लिए हैंडसेट चोरी और गुमशुदगी को कवर करने वाला खास इंश्योरेंस प्लान लॉन्च किया है।
इस प्लान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए आपको अलग से कोई बीमा पॉलिसी नहीं खरीदनी पड़ेगी। कंपनी इसे कुछ चुनिंदा प्रीपेड रिचार्ज पैक्स के साथ बिल्कुल मुफ्त दे रही है, यानी रिचार्ज भी होगा और फोन की सुरक्षा भी मिल जाएगी।
VI: मिलेगा कवर
कंपनी का कहना है कि अब तक ज्यादातर मोबाइल इंश्योरेंस प्लान सिर्फ स्क्रीन टूटने या फोन डैमेज होने तक ही सीमित रहते थे। फोन चोरी हो जाए या कहीं खो जाए, तो ऐसे मामलों में यूजर्स को कोई मदद नहीं मिलती थी। Vi ने इसी कमी को ध्यान में रखते हुए यह नया कदम उठाया है। अब अगर फोन चोरी हो जाए या कहीं गुम हो जाए, तो यूजर को इंश्योरेंस के तहत कवर मिलेगा। VI के मुताबिक, इस इंश्योरेंस के तहत हैंडसेट चोरी या गुम होने की स्थिति में यूजर को 25,000 रुपये तक का कवर मिल सकता है। कंपनी ने यह भी बताया है कि क्लेम करने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। इसमें पहले से मौजूद कस्टमर डेटा का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे ज्यादा कागजी काम नहीं करना पड़ेगा और क्लेम जल्दी सेटल हो सकेगा।
3 रिचार्ज पैक्स में मिलेगा इंश्योरेंस
Vi ने फिलहाल इस बीमा सुविधा को तीन प्रीपेड रिचार्ज पैक्स के साथ जोड़ा है। पहला प्लान 61 रुपये का है, जिसमें 2GB डेटा, 15 दिन की वैधता और 30 दिन का फोन इंश्योरेंस मिलेगा। दूसरा प्लान 201 रुपये का है, जिसमें 10GB डेटा, 30 दिन की वैधता और 180 दिन का हैंडसेट बीमा शामिल है। तीसरा और सबसे बड़ा प्लान 251 रुपये का है, जिसमें 10GB डेटा, 30 दिन की वैधता और पूरे 365 दिन का फोन इंश्योरेंस दिया जाएगा।
इन यूजर्स को फायदा
इस ऑफर की एक और अच्छी बात यह है कि यह सिर्फ किसी एक प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं है। Vi का यह हैंडसेट इंश्योरेंस Android और iOS यानी iPhone दोनों तरह के यूजर्स के लिए लागू होगा। Vodafone Idea का यह कदम उन यूजर्स के लिए बड़ी राहत है, जो महंगे स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं और फोन चोरी या गुम होने की चिंता में रहते हैं। कम कीमत के रिचार्ज के साथ ऐसा कवर मिलना वाकई एक स्मार्ट ऑफर माना जा रहा है।
Read More : Dream Astrology: इन 4 सपनों को देखने से चमक सकती आपकी किस्मत, खुशियों से भर जाएगा जीवन




