Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में लगातार बारिश और भूस्खलन ने सड़क और वन मार्गों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश में बारिश के कारण 40 से ज्यादा मार्ग बंद हैं, जबकि कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। इसका असर कॉर्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्रों पर भी पड़ा है। कई वन मार्ग टूटने के बाद वनकर्मी अब पैदल गश्त के साथ हाथियों और ऑल टेरेन वाहनों की मदद से निगरानी कर रहे हैं।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला के मुताबिक, बारिश के कारण रिजर्व के कई महत्वपूर्ण वन मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। सोनानदी-कालागढ़ मार्ग नीम स्रोत के पास टूट गया है। वनकर्मी हाथियों की मदद से भी गश्त कर रहे हैं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Uttarakhand Weather
बतनबसा-कालागढ़, दुर्गादेवी-मैदावन और मैदावन-लोहाचौड़ मार्ग को भी नुकसान पहुंचा है। कांडा-ढिकाला मार्ग और बिजरानी रेस्ट हाउस से आगे का रास्ता भी बारिश की चपेट में आया है। कई हिस्सों में ढिकाला मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुआ है। बारिश रुकने के बाद जिन हिस्सों की मरम्मत की गई थी, वे भी दोबारा खराब हो गए। ऐसे में फिलहाल वनकर्मी कई इलाकों में पैदल गश्त कर रहे हैं। कॉर्बेट में मौजूद 14 हाथियों में से एक समय में करीब 10 हाथियों को गश्त के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। ऑल टेरेन वाहनों के जरिए भी उन इलाकों की निगरानी की जा रही है, जहां वाहन पहुंच सकते हैं।
पहुंचाया राशन
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के दुर्गम इलाकों में स्थित वन चौकियों पर तैनात कर्मचारियों के लिए राशन पहले ही पहुंचा दिया गया था। इससे मार्ग बंद होने की स्थिति में वनकर्मियों के सामने खाद्य सामग्री की समस्या न आए। रिजर्व प्रशासन का फोकस अब क्षतिग्रस्त रास्तों के बीच वन्यजीवों की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा पर है। राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक कोको रोसे के अनुसार, मोहान-रानीपुर और रामगढ़-सत्यनारायण समेत कई मार्ग बारिश से प्रभावित हुए हैं। पिछले साल के अनुभव को देखते हुए पानी के स्रोतों के रास्ते में बदलाव किया गया था, जिससे इस बार कुछ क्षेत्रों में स्थिति बेहतर रही है।
इन जिलों में बंद हैं मार्ग
बारिश और भूस्खलन से राज्य के अलग-अलग जिलों में मार्ग बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, बागेश्वर में 7, चमोली में 9, चंपावत में 2, देहरादून में 2, नैनीताल में 2, पौड़ी में 2 और उत्तरकाशी में 2 मार्ग बंद हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ में 9, रुद्रप्रयाग में 5 और टिहरी में 3 मार्ग प्रभावित हैं। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत में जुटे हैं।
Read MOre : MP News: नक्सल प्रभावित बोंदारी पहुंचे CM यादव, 100 गांवों के विकास के लिए करोड़ों की घोषणा




