Uttarakhand News : हल्द्वानी के मुखानी इलाके में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। मुखानी चौराहे से क्रियाशाला रोड के बीच सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही थी, तभी अचानक माहौल बिगड़ गया। कब्जा हटाने का विरोध कर रहे लोगों ने निगम के बुलडोजर पर पत्थर फेंक दिए, जिससे मशीन का अगला शीशा टूट गया। हालात बिगड़ते देख मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, मुखानी चौराहे से नीचे की ओर सिंचाई विभाग की खाली जमीन है। इस जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था। नगर निगम ने यहां हाईटेक सार्वजनिक शौचालय बनाने का प्रस्ताव पहले ही पास कर दिया था।
Uttarakhand News : जानें पूरा मामला
इस योजना के तहत, शनिवार को निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी। जैसे ही निगम की टीम बुलडोजर लेकर जमीन खाली कराने लगी, कब्जाधारक पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। पहले तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, फिर नोंकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और कुछ लोगों ने बुलडोजर पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पत्थर लगने से बुलडोजर का अगला शीशा टूट गया। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी। निगम कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने भीड़ को हटाया और दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा कोई बवाल न हो। वहीं, मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है। वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों ने साफ कहा है कि यह जमीन पूरी तरह सरकारी है और यहां से अतिक्रमण हटाना जरूरी है। हाईटेक शौचालय बनने से आम लोगों को सुविधा मिलेगी। निगम ने कहा कि किसी भी दबाव या विरोध के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल, पुलिस मौके पर मौजूद है, जिससे हालात सामान्य बने हुए हैं। इसके बावजूद, प्रशासन सतर्क बना हुआ है, ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना ना घटे।
Read More : Scheme for Womens: सरकार की खास योजना, महिलाओं को मिलेगा बिना गारंटी 3 लाख तक का लोन!




