Home » उत्तर प्रदेश » Ganga Dussehra पर आस्था में डूबा यूपी, काशी से संगम तक घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Ganga Dussehra पर आस्था में डूबा यूपी, काशी से संगम तक घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Ganga Dussehra : गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई प्रमुख धार्मिक शहरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाटों पर जुटने लगी। लोगों ने मां गंगा और सरयू में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

वाराणसी में गंगा दशहरा का उत्साह सबसे अलग दिखाई दिया। काशी के असी घाट पर मां गंगा को 12 राज्यों से लाई गई 5100 साड़ियों से बनी करीब 25,500 फीट लंबी चुनरी अर्पित की गई। इसके साथ ही 501 लीटर दूध से गंगा का विशेष अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद दीपदान और दान-पुण्य किया। दोपहर तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे। घाटों पर दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण हर तरफ धार्मिक उल्लास दिखाई दिया।

Ganga Dussehra 2026

गंगा दशहरा पर वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्त गंगा स्नान के बाद मां गंगा की आरती और पूजन में शामिल हुए। घाटों पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शाम को यहां विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद घाटों पर हजारों दीप सजाए जाएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार का माहौल देव दीपावली जैसा नजर आ रहा है।

प्रयागराज में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

तीर्थराज प्रयागराज में भी गंगा दशहरा पर भारी संख्या में श्रद्धालु संगम तट पहुंचे। सुबह से ही संगम पर स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया और दान-पुण्य किया। दोपहर तक करीब 6 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे। घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

अयोध्या में राम दरबार की वर्षगांठ

अयोध्या में गंगा दशहरा का पर्व इस बार खास बन गया। यहां सरयू घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की। साथ ही राम मंदिर परिसर में राम दरबार की पहली वर्षगांठ भी धूमधाम से मनाई जा रही है। भगवान श्रीराम और राम परिवार का विशेष अभिषेक और श्रृंगार किया गया। सरयू तट पर शाम को महाआरती और दीपोत्सव जैसे आयोजन होंगे। अब तक 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु सरयू में डुबकी लगा चुके हैं।

जल पुलिस अलर्ट

गंगा दशहरा के मौके पर वाराणसी में जल पुलिस भी पूरी तरह सतर्क नजर आई। गंगा नदी में लगातार गश्त की जा रही है। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की गई। बिना लाइफ जैकेट चल रही तीन नावों को सीज कर दिया गया। जल पुलिस ने साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने नाव संचालकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।

ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, इस बार गंगा दशहरा का पर्व अधिकमास यानी पुरुषोत्तम मास में पड़ने के कारण विशेष महत्व रखता है। करीब आठ साल बाद ऐसा संयोग बना है। चार विशेष योग और शुभ मुहूर्तों के चलते मां गंगा की पूजा और स्नान का फल कई गुना अधिक माना जा रहा है। यही वजह है कि इस बार श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

Read More : Ayodhya में राम दरबार की पहली वर्षगांठ आज, भक्ति और उल्लास से सराबोर हुई रामनगरी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?