UP TET 2026 Exam : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 गुरुवार से प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तीन स्तर की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। अधिकांश परीक्षार्थी सुबह सात बजे से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे, जबकि कई केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे से शुरू कर दी गई। शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। राजधानी लखनऊ में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
92 मजिस्ट्रेट, 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने सुबह से ही केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। प्रवेश द्वारों पर पहचान सत्यापन और तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया।
UP TET 2026 Exam
इस बार परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक देखने को मिली। पहले दिन पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। प्रत्येक पाली में 19,734 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 4 जुलाई को होने वाली परीक्षा की एकमात्र पाली में 17,518 अभ्यर्थी शामिल होंगे। लखनऊ में परीक्षा के लिए केवल राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार परीक्षा तीन दिनों तक आयोजित की जाएगी। 2 जुलाई की दोनों पालियों और 3 जुलाई की पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। वहीं 3 जुलाई की दूसरी पाली और 4 जुलाई की पहली पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रदेशभर के 955 परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं।
AI कैमरों से हो रही निगरानी
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष और संवेदनशील स्थानों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को जिला कंट्रोल रूम और आयोग के इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर से जोड़ा गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों की तकनीकी कनेक्टिविटी का परीक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था।
प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, “2, 3 और 4 जुलाई को UP TET की परीक्षा होनी है। पर्याप्त पुलिसबल की तैनाती परीक्षा केंद्रों और रूट पर की गई है। सभी अभ्यर्थियों को अच्छे से चेकिंग की जाएगी। बाहर से भी अभ्यर्थी आएंगे इसलिए रेलवे के अधिकारियों के साथ भी बैठक की गई है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
#WATCH प्रयागराज (उत्तर प्रदेश): प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, “2, 3 और 4 जुलाई को UP TET की परीक्षा होनी है। पर्याप्त पुलिसबल की तैनाती परीक्षा केंद्रों और रूट पर की गई है। सभी अभ्यर्थियों को अच्छे से चेकिंग की जाएगी। बाहर से भी अभ्यर्थी आएंगे इसलिए रेलवे के… pic.twitter.com/BI4j4KCv3Y
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2026
चलाई गईं विशेष ट्रेनें
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 2 और 3 जुलाई को विशेष अनारक्षित ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। लखनऊ मंडल की ओर से आठ परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर और लखनऊ के बीच भी एक विशेष ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Read More : UP में मानसून की दस्तक, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; बिजली गिरने और जलभराव से कई हादसे





