UP T20 League 2026 : यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन से पहले शुक्रवार से ट्रॉफी टूर अभियान की शुरुआत होने जा रही है। 6 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत लीग की प्रतिष्ठित ट्रॉफी राजधानी लखनऊ के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में पहुंचाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य युवाओं को क्रिकेट के प्रति प्रेरित करना और आगामी सीजन को लेकर उत्साह बढ़ाना है।
ट्रॉफी टूर का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे सीतापुर रोड स्थित एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में होगा। यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
UP T20 League 2026
इस मौके पर आईपीएल स्टार समीर रिजवी और उत्तर प्रदेश रणजी टीम के पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल भी मौजूद रहेंगे। दोनों खिलाड़ी छात्रों से संवाद कर अपने अनुभव साझा करेंगे। डॉ. संजय कपूर ने कहा कि ट्रॉफी टूर का उद्देश्य सिर्फ लीग का प्रचार करना नहीं, बल्कि प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को उन खिलाड़ियों से जोड़ना है जिन्होंने अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाई है। इससे युवाओं को खेल के प्रति नई प्रेरणा मिलेगी और क्रिकेट का माहौल और मजबूत होगा।
मजबूत हुई लखनऊ फॉल्कंस
यूपी टी-20 लीग में अपने पहले खिताब की तैयारी कर रही लखनऊ फॉल्कंस को बड़ा बल मिला है। टीम के सबसे अनुभवी और महंगे खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार गुरुवार को टीम कैंप से जुड़ गए। हालांकि लगातार बारिश के कारण अभ्यास सत्र आयोजित नहीं हो सका। टीम में प्रियम गर्ग, विप्रज निगम, आराध्य यादव, अभिनंदन सिंह और कृतज्ञ सिंह जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
अभ्यास मैचों पर जोर
लखनऊ फॉल्कंस के टीम निदेशक ऋत्विक सिन्हा ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही मैच परिस्थितियों में बेहतर तैयारी के लिए नियमित अभ्यास मैच भी कराए जाएंगे। टीम अपना पहला मुकाबला 15 अगस्त को इकाना स्टेडियम में गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ खेलेगी। पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला अब यूपी टी-20 लीग में कमेंट्री करते दिखाई देंगे। उन्हें लीग के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है।
उनके साथ चेतन शर्मा, सबा करीम, जतिन सप्रू, अशोक शर्मा और मनिंदर बिड़ला जैसे अनुभवी कमेंटेटर भी दर्शकों को मैच का रोमांच सुनाएंगे। वहीं, भोजपुरी कमेंट्री पैनल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अभी जारी है।
Read More : CWG 2026: अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह को यूपी सरकार देगी 1.25 करोड़ रुपये, दो पदकों का मिलेगा इनाम




