UP Rain Alert : लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गाजियाबाद (Ghaziabad) में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 9 जुलाई 2026 को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए सरकारी, निजी और अशासकीय सहायता प्राप्त सभी बोर्ड के विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा और मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए लिया गया है।
स्कूल बंद होने की सूचना सुबह तक कई अभिभावकों को नहीं मिल सकी। इसके चलते कुछ अभिभावक अपने बच्चों को लेकर स्कूल पहुंच गए, लेकिन वहां अवकाश की जानकारी मिलने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम से जुड़े निर्देशों पर नजर रखें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।
UP Rain Alert
भारी बारिश के बाद गाजियाबाद के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई स्थानों पर वाहन चालकों को पानी से भरी सड़कों से गुजरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 और एक्सटेंशन-2 में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। यहां कई आवासीय इमारतों के बेसमेंट और मकानों में बारिश का पानी भर गया। लोग बाल्टियों और मोटरों की मदद से घरों से पानी निकालते नजर आए। तुलसी निकेतन कॉलोनी में भी कई घरों में पानी घुसने से स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
निकासी व्यवस्था भी हुई प्रभावित
शास्त्री नगर क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों को खुद नालों की सफाई कर पानी की निकासी का रास्ता बनाना पड़ा। बी-ब्लॉक मार्केट भी पानी से लबालब नजर आया, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी हुई। लगातार बारिश के चलते शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी का काम तेज किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।




