Van Mahotsav 2026 : उत्तर प्रदेश में वन महोत्सव-2026 (Van Mahotsav 2026) को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस वर्ष प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की भी बड़ी भूमिका तय की गई है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रदेश में 16 लाख से अधिक पौधे लगाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वृक्षारोपण केवल लक्ष्य पूरा करने तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
बुधवार को विधानसभा स्थित सभागार से आयोजित वर्चुअल बैठक में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) और सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ अभियान की तैयारियों पर चर्चा की।
Van Mahotsav 2026
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक जिले में तय लक्ष्य के अनुसार समयबद्ध तरीके से पौधारोपण कराया जाए। बैठक के दौरान ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के बाद पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि पौधों का संरक्षण नहीं होगा तो अभियान का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। इसलिए सभी विभागीय परिसरों में लगाए जाने वाले पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी तय की जाए और समय-समय पर उनकी समीक्षा भी की जाए।
नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिलों में विभागीय परिसरों का सर्वे कर पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो पौधारोपण से लेकर पौधों की सुरक्षा और प्रगति की निगरानी करेगा। अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है।
आज आवास पर वृहद वृक्षारोपण अभियान (वन महोत्सव- 2026) अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 35 करोड़ पौधारोपण के सापेक्ष चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 08 लाख से अधिक पौधारोपण अभियान की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं वर्चुअल जुड़े प्रदेश के विभिन्न जनपदों में… pic.twitter.com/ALmZSWiAuS
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) July 8, 2026
डिप्टी सीएम ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों को भी अपने परिसरों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनआंदोलन का रूप दिया जाए। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित हो सके।
जारी हुई जिलेवार कार्ययोजना
बैठक में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा) अमित कुमार घोष, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोएल सहित सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान जिलेवार पौधारोपण की कार्ययोजना और लक्ष्य सूची भी जारी की गई, ताकि सभी जिलों में अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
Read More : PM किसान की 24वीं किस्त से पहले अलर्ट, ये 4 गलतियां रोक सकती हैं 2 हजार रुपये; ऐसे करें सुधार




