UP Politics : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चुनावी तैयारियों, संगठन में बदलाव, विधायकों के टिकट और सपा के PDA फॉर्मूले को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 2017 जैसा प्रदर्शन दोहराने की तैयारी में है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा हर समय चुनाव के लिए तैयार रहती है। पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं।
बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन से लेकर पन्ना प्रमुख तक संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जा चुका है। उनका कहना है कि चुनाव आयोग चाहे दो, चार या छह महीने बाद चुनाव कराने की घोषणा करे, भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है।
UP Politics
कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चाओं पर मौर्य ने कहा कि पार्टी में लगातार सर्वे होते रहते हैं। हर चुनाव में कई मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को मौका दिया जाता है। हालांकि किसका टिकट कटेगा और किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, इसका फैसला केशव मौर्य या प्रदेश भाजपा नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सर्वे का वास्तविक आकलन सार्वजनिक नहीं किया जाता।
सपा नेताओं की ओर से सत्ता में वापसी और आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने के दावों पर केशव मौर्य ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने नहीं जा रहे हैं और राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले हैं। उन्होंने शिवपाल यादव के दावों को भी बेबुनियाद बताया और कहा कि यूपी में सपा की सरकार बनने वाली नहीं है।
सपा के पीडीए पर उठाए सवाल
पीडीए को लेकर मौर्य ने सपा पर निशाना साधते हुए इसे फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 2012 से 2017 तक पूर्ण बहुमत की सरकार के मुख्यमंत्री थे। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि उस दौरान पिछड़ों और दलितों के लिए क्या किया गया। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा ने अपने कार्यकाल में प्रदेश को बर्बाद किया और अपराधियों को बढ़ावा दिया। मौर्य ने सपा और कांग्रेस को जेन-जी विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग भाजपा के साथ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में नए अवसर मिल रहे हैं। उनका दावा है कि देश का युवा विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भाजपा संगठन को बताया मजबूत
उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के नए संगठन को मजबूत और सक्षम बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की टीम ने दूसरे राज्यों के चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन कराया है और 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा नया रिकॉर्ड बनाने में सफल होगी।
Read More : Gold-Silver की राखियों से सजा बाजार, 50 हजार तक कीमत; बहनों को 2 लाख तक के मोबाइल गिफ्ट करने की तैयारी





