Lucknow Metro : लखनऊ मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होने जा रही है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने मंगलवार से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की शुरुआत कर दी है। ‘एक देश, एक कार्ड’ की अवधारणा पर आधारित यह सुविधा यात्रियों को एक ही कार्ड के जरिए अलग-अलग शहरों की मेट्रो सेवाओं का लाभ लेने का अवसर देगी। इसके साथ ही इस कार्ड से यात्रा करने पर प्रत्येक मेट्रो सफर में किराये पर 10 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस नई सुविधा का शुभारंभ करते हुए बताया कि एनसीएमसी केवल लखनऊ मेट्रो तक सीमित नहीं रहेगा। इस कार्ड का इस्तेमाल कानपुर और आगरा मेट्रो के अलावा देश के उन सभी शहरों की मेट्रो सेवाओं में किया जा सकेगा, जहां यह प्रणाली लागू है।
Lucknow Metro
इतना ही नहीं, जिन बस सेवाओं, पार्किंग स्थलों और रिटेल आउटलेट्स ने एनसीएमसी को अपनाया है, वहां भी यही कार्ड मान्य होगा। इससे यात्रियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग कार्ड रखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यूपीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। पहले से उपयोग किए जा रहे गो स्मार्ट कार्ड और नए एनसीएमसी, दोनों के जरिए मेट्रो यात्रा जारी रहेगी। हालांकि, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध राशि का उपयोग जल्द कर लें। इसके बाद यूपीएमआरसी विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू करेगा, जहां निर्धारित अवधि के भीतर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के पुराने कार्ड को नए एनसीएमसी में बदला जा सकेगा।
रिचार्ज की कई सुविधाएं
एनसीएमसी कार्ड मेट्रो स्टेशनों पर मौजूद एयरटेल पेमेंट बैंक के काउंटर और कियोस्क से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। कार्ड जारी कराने के लिए 100 रुपये का शुल्क देना होगा, जो वापस नहीं किया जाएगा। बिना केवाईसी के भी केवल मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन के आधार पर कार्ड जारी किया जाएगा। कार्ड को टिकट वेंडिंग मशीन, लखनऊ मेट्रो ऐप, एयरटेल ऐप, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से कभी भी रिचार्ज किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
One Nation One Card is now live on Lucknow Metro
Travel across Lucknow, Kanpur, Agra and other NCMC-enabled Metro systems with a single card. Enjoy 10% off on every Lucknow Metro journey.#LucknowMetro #UPMRC #OneNationOneCard #NCMC #SmartTravel pic.twitter.com/93wlhKLpLB— Uttar Pradesh Metro Rail Corporation (@OfficialUPMetro) July 21, 2026
एक कार्ड से मिलेगा लाभ
यूपीएमआरसी के अनुसार, देश के विभिन्न बैंकों और अन्य मेट्रो नेटवर्क द्वारा जारी किए गए एनसीएमसी कार्ड भी लखनऊ मेट्रो में मान्य होंगे। ऐसे में यात्रियों को अलग से टोकन या नया कार्ड लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह व्यवस्था सार्वजनिक परिवहन को अधिक डिजिटल, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि एनसीएमसी के व्यापक इस्तेमाल से कैशलेस भुगतान को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों का सफर पहले से अधिक स्मार्ट और सहज बन सकेगा।
Read mORE : UP के आगरा से एटा का सफर आसान, 685 करोड़ के हाईवे प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी






