MCU News : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय (MCU) में आज माहौल गरमा गया, जब सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने से वंचित किए गए छात्रों का सब्र जवाब दे गया। परीक्षा रोकने के फैसले से नाराज छात्रों ने NSUI के बैनर तले प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की, जिससे कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि, बाद में स्थिति नियंत्रित भी हो गई।
छात्रों के समर्थन में NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु से सीधी बातचीत की। प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि परीक्षा से रोकना शैक्षणिक नुकसान के साथ-साथ छात्रों के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। बातचीत के दौरान छात्रों की नाराजगी भी खुलकर सामने आई है।
MCU में छात्रों के नहीं होगा अन्याय
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुलपति ने स्वयं छात्रों और संगठन के प्रतिनिधियों की बातें सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाएगी। यदि किसी शिक्षक पर दुर्व्यवहार या मानसिक दबाव के आरोप सही पाए गए, तो उन पर कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। मामले ने तब और तूल पकड़ा, जब NSUI ने विश्वविद्यालय कैंटीन के पानी की लैब जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी। रिपोर्ट में पानी के प्रदूषित होने की पुष्टि हुई है।
मानसिक दबाव पर सख्त रुख
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि कुछ शिक्षक छात्रों पर अनावश्यक मानसिक दबाव बनाते हैं, जिससे डर और असुरक्षा का माहौल भी बन जाता है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई हो, ताकि विश्वविद्यालय में पढ़ाई का वातावरण स्वस्थ और सुरक्षित रह सके।
वहीं, NSUI प्रदेश सचिव अमन पठान ने कहा कि परीक्षा से वंचित करना, दूषित पानी और मानसिक प्रताड़ना जैसे मुद्दे मामूली नहीं हैं। संगठन छात्रों के सम्मान, स्वास्थ्य और भविष्य से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो NSUI आगे की रणनीति तय करेगी। हालांकि, आश्वासन के बाद हालात शांत तो हो गए।
अधिकारियों ने कही ये बात
जनसंचार विभाग के अध्यक्ष ने बार बार फोन करने पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, रजिस्ट्रार पी शशि कला ने इस मामले से पल्ला झाड लिया। जब इस मामले में विश्व विद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कहा कि वे फैमिली मेडीकल इमरजेंसी के चलते बाहर हैं उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है।
Read More : Redmi Pad 2 Pro Tablet: भारत में लॉन्च होगा Redmi Pad 2 Pro टैबलेट, मिलेंगे इतने सारे फीर्चस





