Shravasti ITI Admission 2026 : श्रावस्ती के भिनगा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थी 11 जुलाई से 4 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार संस्थान को आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया गया है, ताकि छात्रों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके।
आईटीआई में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को www.scvtup.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना अनिवार्य रहेगा।
Shravasti ITI Admission 2026
आवेदन पत्र भरने और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद अभ्यर्थी उसका प्रिंट आउट भी डाउनलोड कर सकेंगे। यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है, तो उसे सुधारने के लिए 48 घंटे का समय दिया जाएगा। प्रवेश शुल्क सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये तय किया गया है।
मिला आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर
राजकीय आईटीआई भिनगा के अनुदेशक वेद प्रकाश वर्मा ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से संस्थान में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और उन्नत मशीनें स्थापित की गई हैं। यहां विद्यार्थियों को पहले विषयों का सैद्धांतिक ज्ञान दिया जाता है, जिसके बाद प्रतिदिन 4 से 5 घंटे तक प्रयोगशालाओं में प्रायोगिक प्रशिक्षण कराया जाता है। इसका उद्देश्य छात्रों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
आवेदन करने की अपील
संस्थान प्रशासन ने सभी इच्छुक युवाओं से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े। आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के साथ यह संस्थान युवाओं को रोजगारोन्मुख तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।





