Sarayu River : अयोध्या में गुरुवार सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने की स्थिति में सरयू नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
नदी इस समय खतरे के निशान से 34 सेंटीमीटर ऊपर 93.7 मीटर पर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से अयोध्या के अलावा गोंडा और बस्ती के तराई क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
Sarayu खतरे के निशान से ऊपर
सरयू किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। कई स्थानों पर पानी ग्रामीणों के घरों तक पहुंच गया है। खेतों और रास्तों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीण जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। जलस्तर बढ़ने के कारण कई जगह रास्तों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होने लगा है। खेतों में पानी पहुंचने से फसलों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है।
प्रशासन की निगरानी
ग्रामीणों को डर है कि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नदी का जलस्तर और ऊपर जा सकता है। प्रशासन सरयू के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी कर रहा है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले 24 घंटे में बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तराई इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन के साथ ग्रामीणों की नजर भी सरयू के जलस्तर पर टिकी हुई है।





