Parshwanath Moksha Kalyanak : शहर में श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक पर्व पर जैन समाज की ओर से विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। हलवाई खाना स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर और नयाबांस स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की।
मोक्ष कल्याणक पर्व का मुख्य आकर्षण 23 किलो का भव्य निर्वाण लाडू रहा। नयागंज स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में तैयार किए गए इस विशेष लाडू को श्रद्धालु सिर पर रखकर गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा में निकले। बड़ी संख्या में समाज के लोग इस यात्रा में शामिल हुए और लाडू को हलवाई खाना स्थित बड़ा मंदिर लेकर पहुंचे।
Parshwanath Moksha Kalyanak
जैन समाज के लोगों के मुताबिक, 23 किलो के निर्वाण लाडू की इस तरह भव्य शोभायात्रा पहली बार निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खास उत्साह नजर आया। मंदिर पहुंचने के बाद धार्मिक विधियों के साथ निर्वाण लाडू भगवान पार्श्वनाथ को समर्पित किया गया। हलवाई खाना स्थित बड़ा मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ की मुख्य वेदी समेत कुल छह वेदियों पर निर्वाण लाडू अर्पित किया। इस दौरान मंदिर परिसर धार्मिक जयकारों और पूजा-अर्चना से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
वेदियों पर हुआ समर्पण
इसके बाद श्रद्धालु नयाबांस स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे। यहां विशेष बोली की प्रक्रिया के माध्यम से तीन वेदियों पर निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
Read More : Health Alert: मौसम बदलते ही बच्चों में बढ़ा अपर रेस्पिरेटरी, ट्रैक्ट इन्फेक्शन का खतरा





