Hariyali Teej 2026 : हरियाली तीज का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में इसकी रौनक बढ़ने लगी है। महिलाओं में तीज की तैयारियों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। इस बार पारंपरिक परिधानों के साथ राजवाड़ा लुक महिलाओं की पसंद बना हुआ है। खासकर हरे रंग की राजवाड़ा और गोटा-पट्टी डिजाइन वाली साड़ियों की मांग बाजार में तेजी से बढ़ी है। मैरिस रोड स्थित एक साड़ी शोरूम के संचालक संजय अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार हरे रंग की साड़ियों की मांग अधिक है।
राजवाड़ा डिजाइन में पारंपरिक अंदाज के साथ आधुनिक फैशन का मेल महिलाओं को पसंद आ रहा है। गोटा-पट्टी और आकर्षक कढ़ाई वाली साड़ियां खास तौर पर खरीदी जा रही हैं।
Hariyali Teej
सेंटर पॉइंट स्थित ब्यूटी पार्लर की मंजू मित्तल के मुताबिक, हरियाली तीज पर हरे रंग का विशेष महत्व होने के कारण महिलाएं शृंगार में भी इसी रंग को प्राथमिकता दे रही हैं। इस बार राजवाड़ा स्टाइल मेकअप, पारंपरिक ज्वेलरी और मेहंदी का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही ग्रीन नेल आर्ट भी महिलाओं को आकर्षित कर रहा है। इसमें हरे रंग के साथ पारंपरिक पैटर्न और बारीक डिजाइन बनाए जा रहे हैं।
मांग टीके की भी डिमांड
राजवाड़ा लुक को पूरा करने के लिए पारंपरिक आभूषणों की मांग भी बढ़ी है। झुमके, मांग टीका, हार और अन्य पारंपरिक ज्वेलरी महिलाएं साड़ी और मेकअप के साथ मैच कर रही हैं। बाजार में इस तरह के आभूषणों की खरीदारी के लिए भी महिलाएं पहुंच रही हैं। हरियाली तीज को लेकर ब्यूटी पार्लरों में भी बुकिंग बढ़ने लगी है। मेकअप आर्टिस्ट रोमा गौर ने बताया कि राजवाड़ा लुक पैकेज की कीमत 2,500 से 3,500 रुपये तक है। इसमें महिलाओं की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग सुविधाएं दी जा रही हैं।
हरे रंग का मेकअप टच, राजवाड़ा ज्वेलरी और मेहंदी का कॉम्बिनेशन खास पसंद किया जा रहा है। उनके यहां तीज के लिए करीब 18 से 20 बुकिंग हो चुकी हैं। मेकअप आर्टिस्ट गजाला ने भी बताया कि तीज स्पेशल पैकेज में मेहंदी समेत कई सुविधाएं शामिल की गई हैं और बुकिंग मिल रही है।
नए डिजाइन का क्रेज
रेलवे रोड स्थित चूड़ी की दुकान के संचालक धर्मेश गर्ग ने बताया कि इस बार घुंघरू, जैली और जिंक-जैक डिजाइन वाली चूड़ियां महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं। हरी साड़ियों और राजवाड़ा लुक के साथ मैचिंग चूड़ियों की मांग भी बाजार में बढ़ी है।
Read More : Ram Mandir ट्रस्ट में पहली बार फुल-टाइम CEO की नियुक्ति, 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट




