PM Surya Ghar Yojana : बिजली के बढ़ते बिल से परेशान उपभोक्ताओं के लिए घर की छत पर लगा सोलर पैनल राहत का बड़ा जरिया बन रहा है। राजधानी में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने वाले हजारों उपभोक्ताओं का बिजली बिल बेहद कम हो गया है। कुछ उपभोक्ताओं के बिल तो शून्य तक पहुंच गए, जबकि कई मामलों में खपत से ज्यादा बिजली बनने पर बिल निगेटिव में आ गया। खदरा निवासी आमिर के घर का बिजली बिल आमतौर पर करीब 2 हजार रुपये आता था।
सोलर पैनल लगने के बाद इस बार उनके बिल में भुगतान की जगह निगेटिव राशि दर्ज हुई। दरअसल, उनके सोलर प्लांट ने घर की जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा की, जिसकी अतिरिक्त यूनिट विद्युत निगम के खाते में जमा हो गईं।
PM Surya Ghar Yojana
आंकड़ों के मुताबिक मई में मध्य, जानकीपुरम, गोमतीनगर और अमौसी जोन के 24,795 उपभोक्ताओं का नेट बिजली बिल निगेटिव रहा। जून में तीन जोन के 22,119 उपभोक्ताओं को भी यही लाभ मिला। इस तरह दोनों महीनों में कुल 46,914 उपभोक्ताओं ने अपनी खपत से अधिक बिजली का उत्पादन किया। अतिरिक्त बिजली की यूनिट विद्युत निगम के खाते में जमा हो गईं।
नेडा कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार मई और जून में करीब 23,277 पीएम सूर्यघर योजना के उपभोक्ताओं का नेट बिल जीरो आया। वहीं, करीब 4 हजार उपभोक्ताओं का बिल 1 से 100 रुपये के बीच रहा। 100 से 500 रुपये तक का बिल आने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 20 हजार से अधिक बताई गई है।
करीब 500 सोलर प्लांट
सोलर पैनल लगाने के मामले में लखनऊ प्रदेश में सबसे आगे है। राजधानी में सवा लाख से अधिक सोलर उपभोक्ता बताए जा रहे हैं। रोजाना करीब 500 नए सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। अगस्त में अब तक 4,221 सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। इससे न केवल घरों की बिजली जरूरत पूरी हो रही है, बल्कि उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ने वाला बिजली बिल का बोझ भी कम हो रहा है।
Read More : UP में अब निराश्रित-दिव्यांग छात्राओं को भी मिलेगी स्कूटी, योगी सरकार ने बढ़ाया योजना का दायरा





