Aligarh News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की संभावनाएं तेज हो गई हैं। चर्चा है कि प्रधानमंत्री राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) के पहले चरण का औपचारिक लोकार्पण कर सकते हैं। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जल्द विश्वविद्यालय परिसर का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने पहुंच सकते हैं। प्रशासनिक स्तर पर संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले लोधा क्षेत्र में की गई थी।
विश्वविद्यालय की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से रखी थी। अब पहले चरण का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और यहां शैक्षणिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। ऐसे में सरकार की योजना है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इसका औपचारिक लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों कराया जाए।
Aligarh में सीएम करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले 22 जून को विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने शेष निर्माण कार्य 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल परिसर में केवल फसाड का कार्य बचा हुआ है, जिसे इस महीने के अंत तक पूरा किए जाने की संभावना है। इसके बाद मुख्यमंत्री दोबारा विश्वविद्यालय पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अलीगढ़ में तैयार हुए इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, क्वार्सी ओवरब्रिज और अन्य विकास कार्य भी उद्घाटन के लिए तैयार हैं। संभावना है कि यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होता है तो इन परियोजनाओं का लोकार्पण भी उसी दौरान कराया जा सकता है। इससे शहर को एक साथ कई विकास योजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है।
आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित निरीक्षण को प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों का अहम चरण माना जा रहा है। यदि मुख्यमंत्री निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं से संतुष्ट होते हैं तो इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय से समय लेने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलीगढ़ दौरे की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल प्रशासन संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए तैयारियों में जुटा हुआ है।
Read More : UP के इन 8 शहरों का खाना है दुनियाभर में मशहूर, फूड लवर्स जरूर करें ट्राई




