PM Modi Birthday 2026 : राजनीति में पार्टी बदलने या अलग रास्ता चुनने के बाद रिश्तों की तस्वीर भी अक्सर बदल जाती है। तमिलनाडु में हालांकि एक अलग नजारा देखने को मिला। बीजेपी छोड़ चुके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। पार्टी से अलग होने के करीब तीन महीने बाद आया उनका संदेश इसलिए चर्चा में है, क्योंकि इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सार्वजनिक सेवा का उल्लेख किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर 2026 को 76 साल के हो गए। उनका जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। जन्मदिन के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत अलग-अलग दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
PM Modi Birthday 2026
इसी बीच तमिलनाडु की राजनीति में अपनी अलग पहचान बना चुके अन्नामलाई का संदेश भी सुर्खियों में आ गया। अन्नामलाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में मोदी की देश के लिए सेवा, नेतृत्व और समाज के अलग-अलग वर्गों के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। अन्नामलाई ने कहा कि ये प्रयास लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की भी कामना की। अन्नामलाई का यह संदेश इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने 5 जून 2026 को बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था।
Heartiest birthday greetings to our Hon. PM Thiru @narendramodi avl.
His tireless service to our nation, visionary leadership, and relentless drive to uplift every section of our society continue to inspire millions. Praying for his good health and long life. pic.twitter.com/XwfSpapNo4
— K.Annamalai (@annamalai_k) September 17, 2026
इससे पहले उन्होंने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई दिनों तक अटकलें लगने के बाद पार्टी से अलग होने की आधिकारिक पुष्टि हुई थी।
नौकरी छोड़कर राजनीति में आए
अन्नामलाई राजनीति में आने से पहले आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने 2019 में भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया और 2020 में बीजेपी से जुड़ गए। पार्टी में उनका राजनीतिक सफर तेजी से आगे बढ़ा और 2021 में उन्हें तमिलनाडु बीजेपी की कमान मिली। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने राज्य में कई अभियान चलाए और बीजेपी के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के एआईएडीएमके के साथ गठबंधन को लेकर अन्नामलाई और पार्टी नेतृत्व के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं।
अन्नामलाई चाहते थे कि बीजेपी राज्य में अपने संगठन को स्वतंत्र रूप से मजबूत करे। बाद में उन्होंने खुद भी कहा कि तमिलनाडु को लेकर पार्टी के फैसलों और राज्य इकाई को मिलने वाली स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर उनके गंभीर मतभेद थे।
अन्नामलाई की नई तैयारी
बीजेपी छोड़ने के बाद अन्नामलाई ने ‘वी द लीडर्स’ नाम से एक पहल शुरू की। जुलाई में उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य अपनी पुरानी पार्टी की आलोचना करना नहीं, बल्कि अलग तरीके से लोगों के लिए काम करना है। उन्होंने भविष्य में इस पहल को राजनीतिक दल का रूप देने और 2031 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की दिशा में आगे बढ़ने की बात भी कही थी। बीजेपी और अन्नामलाई अब अलग राजनीतिक रास्तों पर हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आया उनका संदेश दोनों के पुराने राजनीतिक जुड़ाव को फिर चर्चा में ले आया है।
अन्नामलाई ने अपने संदेश को जन्मदिन की शुभकामनाओं और प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के उल्लेख तक सीमित रखा। ऐसे समय में जब वह तमिलनाडु में अपनी अलग राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं, उनका यह संदेश राजनीतिक हलकों में ध्यान खींच रहा है।
Read More : Surya राशि परिवर्तन से इन राशियों पर आएगी भूचाल, नहीं हुए सर्तक तो हो जाएगी मुश्किलें




