Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून का कहर, उफान पर नदियां; 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

UP में मानसून का कहर, उफान पर नदियां; 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, जबकि कई स्थानों पर पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात बाधित हो गया है। शुक्रवार देर रात लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, जो शनिवार तड़के तक रुक-रुककर जारी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए 13 जिलों के लिए ऑरेंज और 27 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश के चलते बिजनौर में गंगा और मालन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई पुलों पर पानी चढ़ने के कारण मेरठ-बिजनौर हाईवे, हरिद्वार रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही रोक दी गई है।

UP में मानसून का कहर

हापुड़ में जलभराव के कारण एक अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया, जहां एक एसयूवी वाहन फंस गया। बाद में जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला गया। प्रदेश में भारी बारिश के बीच हादसों का सिलसिला भी जारी है। पिछले तीन दिनों में अलग-अलग घटनाओं में 15 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें सबसे अधिक चार मौतें गाजियाबाद में हुई हैं। बिजनौर में नदी के तेज बहाव में चार किशोर बह गए, जिनमें एक को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। सहारनपुर में बारिश के कारण कब्रिस्तान की मिट्टी बहने से कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं मुजफ्फरनगर में नहर ओवरफ्लो होकर टूट गई, जिससे आसपास के इलाकों में पानी फैल गया।

कई शहरों में जलभराव

पिछले 24 घंटों में मेरठ के मवाना क्षेत्र में सबसे अधिक 315 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। जौनपुर में लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। संभल में देर रात हुई तेज बारिश के बाद तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

प्रशासन अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ मानसूनी सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है, जिसका असर पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम और कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने और नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव, नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।

Read More : CM Yogi पहुंचे कुशीनगर, 525 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात; जनसभा को भी करेंगे संबोधित

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?