Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून का कहर, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई शहर जलमग्न

UP में मानसून का कहर, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई शहर जलमग्न

UP News : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. गुरुवार सुबह से नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मथुरा, बुलंदशहर समेत करीब 30 शहरों में लगातार बारिश हो रही है. कई जिलों में सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 27 जिलों के लिए पहली बार इस मानसून सीजन का रेड अलर्ट जारी किया गया है. नोएडा और गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण कई कॉलोनियों और सड़कों पर जलभराव हो गया.

सेक्टर- 57 समेत कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया, जबकि बुलंदशहर में भी दुकानों और मकानों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर करीब दो फीट पानी भरने से कई बाइकें बीच रास्ते में बंद हो गईं.

बारिश का अलर्ट

सहारनपुर की सहंश्रा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाइक से नदी पार कर रहे तीन लोग बहने लगे. ग्रामीणों ने समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. लगातार बारिश को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. मथुरा, संभल और हाथरस में कक्षा 8 तक, मेरठ में कक्षा 9 तक और गाजियाबाद में कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. बारिश से जुड़े हादसों में पिछले 24 घंटे के दौरान चार लोगों की मौत हुई है. प्रयागराज में दो लोगों और अलीगढ़ में एक महिला की करंट लगने से जान चली गई, जबकि हापुड़ में कच्चे मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया.

कई शहर जलमग्न

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के 71 जिलों में बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 144.4 मिमी बारिश चित्रकूट में रिकॉर्ड हुई. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है. लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है, जिसका असर उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है. अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. बारिश के कारण मेरठ, मथुरा, आगरा, बदायूं, हाथरस और गाजियाबाद समेत कई जिलों में तापमान में 4 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. जलभराव, तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की गई है.

Read More : Reliance vs IT Stocks: रिलायंस की मार्केट कैप भारत की टॉप-5 आईटी कंपनियों के बराबर, जानिए कैसे बदली तस्वीर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?