Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून एक्टिव, 66 जिलों में बारिश का अलर्ट; 13 शहरों में बाढ़ जैसे हालात

UP में मानसून एक्टिव, 66 जिलों में बारिश का अलर्ट; 13 शहरों में बाढ़ जैसे हालात

UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। शनिवार सुबह से लखनऊ, संभल, बाराबंकी समेत करीब 30 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। शामली और बरेली में तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। बहराइच में करीब दो घंटे हुई बारिश के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में भी जलभराव हो गया राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को इस सीजन की सबसे अधिक 56.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इससे पहले 15 अगस्त को 40.9 मिलीमीटर बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 29 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

UP Weather Alert

मेरठ में बारिश के बाद एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी भर गया। मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। बहराइच में भी मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी पहुंच गया। लगातार बारिश के कारण कई शहरों में सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।

बाराबंकी, अयोध्या और गोंडा में घाघरा यानी सरयू, बदायूं और बलिया में गंगा, लखीमपुर में शारदा, प्रयागराज में टोंस, सोनभद्र में सोन और चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। करीब 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं और एक लाख से अधिक लोगों के प्रभावित होने की जानकारी है।

वाराणसी में 84 घाट जलमग्न

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी 84 घाट पानी में डूब गए हैं। अस्सी घाट पर जहां दुकानें लगती थीं, वहां अब नावें चल रही हैं। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है। नमो घाट भी जलमग्न हो चुका है। वरुणा नदी का पानी आसपास की कॉलोनियों तक पहुंचने से करीब 20 हजार लोगों पर बाढ़ का खतरा बना हुआ है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी बाजार तक पहुंच गया है और कई जगह सड़कों पर नाव चलाने की स्थिति बन गई है। गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। बहराइच में घाघरा का जलस्तर बढ़ने के बाद सड़क पर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई।

तेजी से बढ़ा जलस्तर

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर 24 घंटे में करीब 37 से 38 सेंटीमीटर बढ़ गया। बड़े हनुमान मंदिर की दो सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। रसूलाबाद से नागवासुकी मंदिर तक जाने वाली रिवर फ्रंट रोड भी जलमग्न हो गई। गंगा का पानी लेटे हुए हनुमान मंदिर कॉरिडोर तक पहुंच चुका है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं लगातार उत्तर प्रदेश की ओर आ रही हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। उन्होंने 25 अगस्त तक कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।

Read More : UPSC EPFO में 80 APFC पदों पर भर्ती, 22 अगस्त से आवेदन शुरू

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?