Home » उत्तर प्रदेश » UP में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 36 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई शहरों में झमाझम बारिश

UP में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 36 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई शहरों में झमाझम बारिश

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार सुबह से ही लखनऊ, बाराबंकी, जौनपुर समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ में लगातार बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने लखनऊ सहित सात जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है।

विभाग के अनुसार अमेठी, बाराबंकी, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में अगले तीन घंटे के दौरान तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं पूरे प्रदेश के 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

UP Weather Update

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश की नदियों पर भी दिखाई देने लगा है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की तीन सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं, हालांकि नदी अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है। मथुरा में यमुना नदी चेतावनी स्तर के करीब पहुंच रही है और वृंदावन के केशीघाट की सीढ़ियां जलमग्न हो चुकी हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाट किनारे बनी दुकानों तक पहुंच गया है, जिससे प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

परिवारों का पलायन जारी

बलिया जिले में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर तेज कटान शुरू हो गया है। बांसडीह क्षेत्र में हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग अपने पक्के मकानों को खुद ही तोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। अब तक करीब 150 परिवार अपने घर छोड़ चुके हैं। प्रशासन प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के बड़े हिस्से में अभी भी पाकिस्तान से आने वाली शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है, जिसके कारण बारिश समान रूप से नहीं हो रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक सक्रिय मौसमी सिस्टम बना हुआ है, जबकि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के साथ 17 जुलाई के बाद प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय होने की संभावना है। इससे कई जिलों में अच्छी और व्यापक बारिश देखने को मिल सकती है।

गर्मी का असर बरकरार

गोरखपुर में सुबह से बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि संभल में दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। मौसम विभाग ने संभल में रात के समय बारिश की संभावना जताई है। दूसरी ओर प्रदेश में एक जून से अब तक सामान्य से लगभग 25 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। ऐसे में किसानों और आम लोगों की उम्मीदें अब आने वाले दिनों में तेज मानसूनी बारिश पर टिकी हुई हैं।

Read More : UP में मानसून पड़ा सुस्त, 33 जिलों में बारिश का अलर्ट; बढ़ता जलस्तर चिंता की वजह

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?