KGMU Convocation 2026 : लखनऊ स्थित King George’s Medical University के 22वें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 13 जुलाई को होने वाले इस समारोह में सिर्फ मेधावी छात्र ही नहीं, बल्कि फैकल्टी सदस्य भी विशेष ड्रेस कोड में नजर आएंगे। प्रशासन ने समारोह को औपचारिक और गरिमामय बनाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीन एकेडमिक्स डॉ. वीरेंद्र आतम की ओर से जारी आदेश के अनुसार पुरुष फैकल्टी सदस्यों को सफेद शर्ट, काली पैंट, काले जूते और काले मोजे पहनना अनिवार्य किया गया है।
महिला फैकल्टी सदस्यों के लिए क्रीम रंग की साड़ी और भूरे रंग के जूते या सैंडल निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ सभी शिक्षकों को KGMU का स्टोल पहनना भी जरूरी होगा।
KGMU Convocation 2026
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन फैकल्टी सदस्यों के पास पिछले वर्ष का स्टोल उपलब्ध है, वे उसी का उपयोग कर सकते हैं। नए शिक्षकों को स्टोल विश्वविद्यालय की ओर से निःशुल्क दिया जाएगा। जिनका स्टोल खो गया है या खराब हो गया है, वे 11 जुलाई को होने वाली रिहर्सल से पहले डीन एकेडमिक्स कार्यालय से 200 रुपये ऑनलाइन शुल्क जमा कर नया स्टोल प्राप्त कर सकेंगे। दीक्षांत समारोह सुबह 11 बजे अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल मेधावी छात्रों को मेडल प्रदान करेंगी। वहीं रक्षा मंत्री Rajnath Singh मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह का माहौल
प्रशासन का कहना है कि दीक्षांत समारोह को अनुशासन और परंपरा के अनुरूप आयोजित करने के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है। इससे कार्यक्रम में एकरूपता और औपचारिकता बनी रहेगी। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे, जिससे पूरा परिसर उत्सव के माहौल में रहेगा।




