IND vs NZ : रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त बना ली है। इस जीत ने टीम इंडिया के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। मैच के दौरान भारत ने कई अहम रिकॉर्ड अपने नाम किए, जिससे यह मुकाबला टी20 इतिहास के यादगार मैचों में शामिल हो गया है। कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 208 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। न्यूजीलैंड के गेंदबाज रन रोकने में पूरी तरह असफल रहे और भारत ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
भारत की पारी में ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बावजूद ईशान ने पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में रन बनाए और टीम को जीत की दिशा में आगे बढ़ाया।
IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को दी मात
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपने शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। उन्होंने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार की पारी ने यह साफ कर दिया कि वह बड़े लक्ष्य का पीछा करने में कितने माहिर हैं। उनकी सूझबूझ भरी बल्लेबाजी ने भारत को 15.2 ओवर में ही जीत दिला दी।
भारत ने 209 रनों का लक्ष्य उस समय हासिल किया जब टीम ने सिर्फ छह रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। इतने कम स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद किसी भी टीम द्वारा इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना यह पहली बार हुआ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था। इसके अलावा, भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक का अपना सबसे सफल रन चेज दर्ज किया है और 200 से अधिक रन का लक्ष्य सबसे ज्यादा बार हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है।
न्यूजीलैंड के गेंदबाज के नाम रिकॉर्ड
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के गेंदबाज जैक फॉक्स के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हुआ, जिसे कोई भी गेंदबाज नहीं चाहता। उन्होंने अपने तीन ओवर में 67 रन लुटाए, जो न्यूजीलैंड के टी20 इतिहास में किसी भी गेंदबाज द्वारा दिए गए सबसे ज्यादा रन हैं। यह आंकड़ा उनकी गेंदबाजी के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुआ। भारत ने यह लक्ष्य 28 गेंद पहले ही हासिल कर लिया, जिससे वह आईसीसी के फुल मेंबर देशों में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते 200 से अधिक रन का लक्ष्य हासिल करने वाली नंबर-1 टीम बन गई है।
Read More : T20 World Cup 2026 से पहले न्यूजीलैंड को करारा झटका, टीम में हुआ बड़ा बदलाव





